चंडीगढ़ : अवैध निर्माण और अतिक्रमण को हटाने के लिए पहुंची चंडीगढ़ प्रशासन और चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के कर्मचारियों को स्थानीय लोगों के जबरदस्त विरोध का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया और अवैध निर्माण हटा रहे हाउसिंग बोर्ड के कर्मचारियों पर पथराव भी किया। इस पथराव में चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के एक जूनियर इंजीनियर शैलेंद्र कुमार घायल भी हो गए। अतिक्रमण हटाने के लिए पहले ही भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था, ताकि कानून व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रण में रखा जा सके लेकिन जैसे ही चंडीगढ़ प्रशासन की में पहुंची और एक्शन शुरू हुआ उसके बाद लोगों ने जमकर नारेबाजी की और पुलिस कर्मियों के साथ जमकर धक्का मुक्की भी हुई।
अतिक्रमण पर एक्शन
दरअसल, पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने आदेश दिए हैं कि हाउसिंग बोर्ड के जिन मकानों में नियमों की अवहेलना करके निर्माण कार्य किए गए हैं बालकनी में अतिक्रमण किया गया है या पिलर हटाए गए हैं उसको ठीक किया जाए। इन्हीं आदेशों की पालना करवाने के लिए लगातार दूसरे दिन चंडीगढ़ के सेक्टर 45 में चंडीगढ़ प्रशासन ने तोड़फोड़ अभियान चलाया था, लेकिन जैसे ही प्रशासन की टीम चंडीगढ़ के सेक्टर 45 ए में पहुंची और कार्रवाई शुरू की लोगों ने जमकर हंगामा किया और कर्मचारियों पर पथराव कर दिया लोगों ने कहा कि वह पिछले कई सालों से यहां पर रह रहे हैं।
अपनी मेहनत की गाढ़ी कमाई उन्होंने इस मकान में लगाई है। ऐसे में अब इनको तोड़ने से उनके लिए गंभीर संकट खड़ा हो गया है यह सभी हाउसिंग बोर्ड के मकान करीब 40 साल पुराने हैं और अगर इनमें अब तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई तो पूरा मकान खतरे की जद में आ जाएगा और धराशाई हो सकता है। प्रशासन ने हमें कोई मौका भी नहीं दिया अगर प्रशासन हमें मौका दे तो हम इसके लिए जरूरी कागजी करवाई और जुर्माना राशि भरने को लेकर भी तैयार हैं। बहरहाल प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है प्रशासन ने कहा है वो अदालत के फैसले के अनुसार कार्रवाई कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
