शहर

चमोली टनल हादसा: रेस्क्यू ऑपरेशन के बीच घटनास्थल पहुंचे CM धामी, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

Chamoli Tunnel Accident: चमोली टनल हादसे में फंसे मजदूरों के रेस्क्यू ऑपरेशन का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने प्रशासन, पुलिस, SDRF और NDRF से बचाव अभियान की जानकारी ली और जरूरी निर्देश दिए।

Image

रेस्क्यू ऑपरेश के बीच घटनास्थल का जायजा लेने पहुंचे सीएम धामी

Chamoli Tunnel Accident: उत्तराखंड में चमोली टनल हादसे में फंसे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान का जायजा लिया औ अधिकारियों से इसकी प्रगति के बारे में जानकारी ली। सीएम धामी ने इस दौरान अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए।

निर्माणाधीन सुरंग में अचानक आया पानी और मलबा

दरअसल, बीती रात मयापुर स्थित THDC की निर्माणाधीन टनल में अचानक पानी और मलबा घुस गया था। इसके बाद सुरंग के अंदर काम कर रहे कई मजदूर फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, SDRF और NDRF समेत अन्य बचाव एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इस हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग अभी भी टनल के अंदर ही फंसे हुए हैं। बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

CM धामी ने अधिकारियों से लिया अपडेट

मुख्यमंत्री धामी ने शुक्रवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचकर प्रशासन, पुलिस, SDRF, NDRF और अन्य संबंधित एजेंसियों के अधिकारियों से रेस्क्यू अभियान की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेस्क्यू ऑपरेशन को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी जाए। सीएम ने कहा कि बचाव कार्य में सभी उपलब्ध संसाधनों और तकनीकी मदद का इस्तेमाल किया जाए। NDRF, SDRF, ITBP और पुलिस समेत सभी टीमों के बीच बेहतर तालमेल रखा जाए और टनल में फंसे बाकी 3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हर संभव प्रयास किया जाए।

CM Dhami

CM धामी ने रेस्क्यू ऑपरेशन का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए निर्देश

हादसे के बाद सुरंग में फंसे थे 22 लोग

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को हादसे और अब तक हुए रेस्क्यू की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सुरंग में कुल 22 लोग फंसे थे, जिनमें से 19 लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला जा चुका है। अब 3 लोगों की तलाश जारी है। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू किए गए घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल गोपेश्वर लाया गया है। डॉक्टरों और स्वास्थ्य विभाग की टीम उनका इलाज कर रही है और लगातार उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।

घायल मजदूरों से भी मिलेंगे CM

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अस्पताल पहुंचकर घायल मजदूरों से भी मुलाकात करेंगे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेंगे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि रेस्क्यू के साथ घायलों के इलाज और उनके परिवारों की मदद का भी पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने बचाव टीमों को तालमेल रखकर पूरी सावधानी के साथ अभियान चलाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के साथ घटनास्थल पर काबीना मंत्री एवं प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, राज्य मंत्री हरक सिंह, पूर्व काबीना मंत्री राजेंद्र भंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष आरती नवानी, सभासद राजा जोशी, आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडेय, चंद्रशेखर वशिष्ठ सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी व कार्मिक मौजूद रहे।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article