शहर

लाखों की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया NHIDCL का एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर, CBI को 2.62 करोड़ रुपए नकद बरामद

सीबीआई ने असम में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना से जुड़ा एक बड़ा रिश्वतकांड उजागर किया है। एजेंसी ने एनएचआईडीसीएल के गुवाहाटी क्षेत्रीय कार्यालय के कार्यकारी निदेशक रितेन कुमार सिंह को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। जांच में करोड़ों की संपत्ति, लग्जरी वाहनों और कई जमीनों के दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।

Image

CBI ने रिश्वत मामले में NHIDCL के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर को किया गिरफ्तार

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

CBI Bribery Case Guwahati: सीबीआई ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (NHIDCL) के गुवाहाटी स्थित क्षेत्रीय कार्यालय के कार्यकारी निदेशक और क्षेत्रीय अधिकारी मैसनम रितेन कुमार सिंह को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। उनके साथ कोलकाता के व्यापारी बिनोद कुमार जैन, जो एम/एस मोहन लाल जैन कंपनी के प्रतिनिधि हैं, को भी हिरासत में लिया गया है। जांच एजेंसी के अनुसार, यह रिश्वत एक निजी कंपनी की ओर से असम में एनएच-37 (डेमो से मोरन बाईपास तक) के चार लेन प्रोजेक्ट के लिए समय विस्तार (EOT) और पूर्णता प्रमाणपत्र (Completion Certificate) प्राप्त करने में आसानी के लिए दी जा रही थी।

इस तरह से हुई कार्रवाई

सीबीआई ने 14 अक्टूबर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर कार्रवाई की और उसी दौरान दोनों आरोपियों को पकड़ लिया, जब रितेन कुमार सिंह रिश्वत की रकम स्वीकार कर रहे थे। गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी ने देशभर में आरोपी अधिकारी और उससे जुड़े लोगों के सात ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान सीबीआई को 2 करोड़ 62 लाख रुपये नकद, नौ जमीनों के दस्तावेज, 20 फ्लैट्स और कई लग्जरी वाहनों के कागजात मिले। ये सभी संपत्तियां रितेन कुमार सिंह और उनके परिजनों के नाम पर दर्ज हैं।

लंबे समय से चल रहा था रिश्वत वसूलने का खेल

सूत्रों के अनुसार, आरोपी अधिकारी लंबे समय से सरकारी परियोजनाओं में ठेकेदारों से एक्सटेंशन और अप्रूवल के बदले भारी रिश्वत वसूल करता था। एजेंसी को संदेह है कि उसने अन्य प्रोजेक्ट्स में भी इसी तरह की अनियमितताएं की हैं। दोनों आरोपियों को गुवाहाटी स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। वहीं, अधिकारियों के मुताबिक, जब्त की गई संपत्तियों और बैंक खातों की जांच जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि अवैध कमाई से कुल कितनी संपत्ति अर्जित की गई है।

Anuj Mishra
अनुज मिश्राauthor

अनुज मिश्रा भारत के अग्रणी क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव पत्रकारों में से एक हैं। वह वर्तमान में टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। पिछले करीब दो दशकों से अनुज मिश्रा ने अपराध, आंतरिक सुरक्षा और संगठित अपराध से जुड़े मामलों की गहन रिपोर्टिंग और संपादकीय नेतृत्व किया है। उन्होंने सीबीआई, ईडी, आयकर विभाग, एनआईए और खुफिया एजेंसियों से संबंधित बड़ी और संवेदनशील खबरों को नज़दीकी से कवर किया है। अनुज मिश्रा की सबसे बड़ी ताक़त उनकी ग्राउंड रिपोर्टिंग है। हर बड़ी और अहम खबर में वह ग्राउंड ज़ीरो पर मौजूद रहकर घटनाओं की प्रत्यक्ष कवरेज करते रहे हैं। यही कारण है कि उनकी रिपोर्टिंग में जमीनी सच्चाई और तथ्य हमेशा साफ़ झलकते हैं। टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ने से पहले अनुज मिश्रा देश के कई बड़े टेलीविज़न न्यूज़ चैनलों के साथ काम कर चुके हैं, जहां उन्होंने अपनी पत्रकारिता और एडिटोरियल स्किल्स से अलग पहचान बनाई। अनुज ने न केवल देश-विदेश की बड़ी खबरों को जनता तक पहुँचाया है, बल्कि उत्तर प्रदेश की राजनीति और सत्ता गलियारों से जुड़े घटनाक्रमों पर भी पैनी नज़र रखी है। उनकी पत्रकारिता शैली तथ्यपरक, इन्वेस्टिगेटिव और जमीनी हकीकत पर आधारित मानी जाती है। उन्होंने आतंकवाद, संगठित अपराध, ड्रग्स सिंडिकेट, हाई-प्रोफाइल जांच और सियासी घटनाक्रमों पर कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स की हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।

और पढ़ें
End of Article