शहर

बुलडोजर और ब्रह्मोस एक-दूसरे के पूरक', यूपी का भी मुकाबला नहीं कर सकता पाकिस्तान; टाइम्स नाउ के मंच पर बोले सीएम योगी

Viksit Bharat Samriddh UP Conclave में सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुलडोजर को विकास और ब्रह्मोस को भारत की सामरिक शक्ति का प्रतीक बताते हुए दोनों को एक-दूसरे का पूरक कहा। उन्होंने पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पर तंज कसते हुए दावा किया कि वह यूपी का भी मुकाबला नहीं कर सकता और राहुल गांधी पर भी तीखा हमला बोला।

Image

Viksit Bharat Samriddh UP Conclave में CM योगी आदित्यनाथ।

Viksit Bharat Samriddh UP Conclave: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज टाइम्स नाउ और टाइम्स नाउ नवभारत के Viksit Bharat Samriddh UP Conclave में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने यूपी की आर्थिक प्रगति, कानून व्यवस्था और विकसित भारत में यूपी के योगदान पर अपनी बेबाक राय रखी। टाइम्स नाउ और टाइम्स नाउ नवभारत की ग्रुप एडिटर इन चीफ नाविका कुमार के साथ इंटरव्यू में सीएम योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर भी करारे वार किए। वहीं, जब उनसे पूछा गया कि आजकल बुलडोजर और ब्रह्मोस दोनों की बहुत चर्चा है। यह यह कौन सा रिश्ता है? इस पर उन्होंने बुलडोजर को यूपी की प्रगति और ताकत का प्रतीक बताया।

उन्होंने 'बुलडोजर' और 'ब्रह्मोस' मिसाइल के बीच के रिश्ते को स्पष्ट करते हुए इन्हें एक-दूसरे का विरोधी नहीं, बल्कि 'पूरक' बताया है। साथ ही,उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पाकिस्तान की खस्ताहाल अर्थव्यवस्था पर भी करारा तंज कसा।

बुलडोजर और ब्रह्मोस एक दूसरे के पूरक

साक्षात्कार में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बुलडोजर उत्तर प्रदेश की ताकत (Strength) का प्रतीक है। यह जहां एक तरफ वह इंफ्रास्ट्रक्चर और एक्सप्रेसवे के नेटवर्क को स्थापित करने का काम करता है, वहीं दूसरी तरफ बुलडोजर माफिया प्रवृत्ति को कुचलने का भी दम रखता है, जिसकी अपेक्षा जनता करती है। वहीं, ब्रह्मोस को भारत की सामरिक शक्ति का प्रतीक बताते हुए उन्होंने दुश्मनों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा, 'अगर किसी ने भारत की आन-बान और शान पर गुस्ताखी करने का प्रयास किया, तो दुश्मन को उसी के ठिकाने पर जाकर मारेंगे और ऐसी मार मारेंगे कि वह चिल्लाता हुआ दिखाई देगा।'

'यूपी का भी मुकाबला नहीं कर सकता पाकिस्तान'

इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान की खस्ताहाल हालत की बात करते हुए कहा कि जब भारत कोई बड़ा कार्य करता है या ऑपरेशन (जैसे ऑपरेशन सिंदूर) करता है, तो पाकिस्तान दुनिया के सामने अपनी सुरक्षा का रोना रोता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की सबसे तेज गति से उभरने वाली अर्थव्यवस्था है, जबकि पाकिस्तान की इकॉनमी अब उत्तर प्रदेश का भी मुकाबला करने की स्थिति में नहीं है।

राहुल गांधी को देश गंभीरता से नहीं लेता

कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर राजनीतिक वार करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिस तरह उत्तर प्रदेश के लोग अखिलेश यादव को गंभीरता से नहीं लेते, वैसे ही पूरा देश राहुल गांधी को गंभीरता से नहीं लेता है। कांग्रेस को परिवारवादी पार्टी बताते हुए उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी के अस्वस्थ होने के कारण राहुल गांधी को जिम्मेदारी दी गई है।

सीएम योगी ने राहुल गांधी की तुलना एक ऐसे कैप्टन से की जो जहाज को डुबोने वाला है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, 'जब कोई जहाज डूबता है, तो उसका कैप्टन भी वही व्यक्ति बनता है जो उसे आसानी से डुबोने में सहायता कर दे। राहुल जी उस जहाज के कैप्टन बन चुके हैं।'

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article