Barabanki Murder Case: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। जहां पैसों के विवाद के चलते एक शख्स ने आइसक्रीम विक्रेता की हत्या कर दी। मृतक के परिजनों के अनुसार, आरोपी ने गुस्से में आकर युवक का सिर धड़ से अलग कर दिया। जिसके बाद आरोपी ने चूल्हे में डालकर उसके सिर को भूना दिया। इतना ही नहीं बल्कि आरोपी ने उसके आंखें और गाल नोचकर खाए भी। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि नरभक्षी ने पसों के लिए उनके बेटे को मार डाला। हालांकि अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने नहीं आई है।
मामूली झगड़े ने ली युवक की जान
मृतक की पहचान पारा बेहटा गांव निवासी 21 वर्षीय बबलू राजभर के तौर पर हुई। उसके पिता का नाम पुनवासी राजभर है, बबलू चार भाइयों में सबसे बड़ा था और आइसक्रीम बेचने का काम करता था। वह रोज की तरह शनिवार को भी बर्फ और आइसक्रीम बेचने के लिए निकला था। परिजनों के अनुसार, टिकैतनगर थाना क्षेत्र के परसावल गांव के पास उसका 50 वर्षीय शंकर यादव से झगड़ा हो गया। आरोपी ने बबलू से बर्फ ली, लेकिन पैसे नहीं दिए। इस वजह से दोनों में कहासुनी हुई और यह मामला अचानक हिंसक रूप में बदल गया।
आरोप है कि शंकर गुस्से में आकर अपने घर से गन्ना काटने वाला बांका ले आया। उसने अचानक बिना किसी चेतावनी के बबलू पर हमला कर दिया। एक ही वार में उसने बबलू की गर्दन धड़ से अलग कर दी। यह मंजर इतना भयावह था कि वहां मौजूद लोग सन्न रह गए। वारदात यहीं खत्म नहीं हुई। हत्या के बाद आरोपी भागने के बजाय बबलू का कटा हुआ सिर लेकर अपनी झोपड़ी में चला गया।
पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
जब स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस वहां पहुंची, तो उन्होंने सिर को चूल्हे की आग में जलता हुआ पाया। परिजनों और चश्मदीदों का दावा है कि आरोपी ने अमानवीय हरकत करते हुए उसके सिर को भूना और उसके अंगों को नुकसान पहुंचाया। इस वीभत्स दृश्य ने हर किसी की रूह कंपा दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पिता का आरोप पैसे के लिए की बेटे की हत्या
बबलू के पिता ने आरोप लगाते हुए कहा कि उनके बेटे की हत्या सिर्फ पैसों के लिए की गई। उनका कहना है कि आरोपी ने उनके बेटे से बर्फ ली और फिर पैसे देने से बचने के लिए इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने उन्हें सच्चाई बताए बिना थाने बुलाया, जहां उन्हें अपने बेटे की मौत की खबर मिली। पुलिस फिलहाल इस मामले की जांच कर रही है।
