शहर

रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, सिक्योरिटी हाई अलर्ट

रांची सिविलि कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी के बाद सुरक्षाकर्मी पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी पर हैं। इसके अलावा, परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पर भी लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

Image

(सांकेतिक फोटो-Istock)

रांची : रांची स्थित सिविल कोर्ट को शुक्रवार को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमा पूरी तरह सतर्क हो गए और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। एहतियातन सिविल कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। झारखंड जगुआर की बम निरोधक इकाई को तत्काल मौके पर बुलाया गया। बम स्क्वॉड ने कोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया।

इस दौरान अदालत भवन, पार्किंग क्षेत्र, वकीलों के चैंबर, रिकॉर्ड रूम समेत सभी संवेदनशील स्थानों की गहन जांच की गई। हर संदिग्ध वस्तु की बारीकी से पड़ताल की गई। घंटों चले तलाशी अभियान के बाद परिसर में कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच का निर्णय लिया गया है। मुख्य प्रवेश द्वारों के साथ-साथ अन्य निकास बिंदुओं पर भी पुलिस बल की संख्या बढ़ा दी गई है।

कोर्ट परिसर में तैनात सुरक्षाकर्मी पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी पर हैं। इसके अलावा, परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पर भी लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

ई-मेल पर आया धमकी भरा संदेश

इधर, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति या समूह की पहचान करने में जुटी हुई हैं। साइबर सेल की मदद से धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच की जा रही है। ई-मेल किस सर्वर से भेजा गया, उसका आईपी एड्रेस क्या है और इसमें किसी संगठित साजिश की भूमिका है या नहीं, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अब तक किसी भी तरह की विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने और स्थिति सामान्य होने तक सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर रहेंगी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article