शहर

Gurugram News: गुरुग्राम के 6 निजी स्कूलों को बम की धमकी से हड़कंप, पुलिस-प्रशासन अलर्ट

गुरुग्राम में बुधवार को छह निजी स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही स्कूल परिसर को खाली कराया गया। जिसके बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ते और एसडीआरएफ ने तलाशी अभियान शुरू किया। फिलहाल किसी भी स्कूल में कोई संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ है। मामले की जांच जारी है।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

Gurugram School Bomb Threat: गुरुग्राम के कम से कम छह निजी स्कूलों को बुधवार सुबह ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। पुलिस ने बताया कि इस सूचना के बाद स्कूल प्रबंधन, पुलिस विभाग और जिला प्रशासन अलर्ट पर हैं। सभी छह स्कूलों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार अभी तक कुछ भी संदिग्ध सामान किसी भी स्कूल परिसर से नहीं मिला है।

SDRF भी मौके पर मौजूद

पुलिस के अनुसार, छात्रों को स्कूल परिसरों से सुरक्षित बाहर निकाला लिया गया है और पुलिस दल, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वाड के साथ स्कूलों में मौजूद हैं। जांच में सहायता के लिए राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस ने बताया कि जिन स्कूलों को धमकी मिली है, उनमें डीएलएफ फेज-1 स्थित कुंसकपालन स्कूल, सेक्टर-53 स्थित लांसर्स स्कूल, सेक्टर-64 स्थित हेरिटेज एक्सपीरियंसियल लर्निंग स्कूल, डीएलएफ फेज-1 स्थित शिव नादर स्कूल, श्रीराम अरावली स्कूल और बादशाहपुर के पास स्थित पाथवे वर्ल्ड स्कूल शामिल हैं।

सुबह-सुबह आई ईमेल पर धमकी

स्कूल प्रबंधन के मुताबिक, उन्हें सुबह लगभग 7:10 बजे ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली। जिसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी स्कूलों में अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। पुलिस और प्रशासन स्थिति पर करीबी नजर रख रहे हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि ये ईमेल कहां से और किसने भेजे हैं।

चंडीगढ़ के स्कूलों में भी बम की धमकी

गौरतलब है कि आज चंडीगढ़ के कई स्कूलों में भी ई-मेल के जरिए बम की धमकी मिली है। जिसके बाद पुलिस ने सभी स्कूलों से छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकालकर तलाशी अभियान चलाया। यहां भी किसी स्कूल में कोई संदिग्ध चीज फिलहाल बरामद नहीं हुई है। हालांकि पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में है और स्कूलों के आसपास सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article