शहर

Chhattisgarh News: बीजापुर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, माओवादियों के 14 ठिकानों से हथियार और विस्फोटक बरामद

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सुरक्षा बलों ने माओवादियों द्वारा जंगल में छिपाए गए हथियार और विस्फोटक बरामद किए हैं। अभियान के बाद इलाके में माओवादी प्रभाव कम होने और ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना बढ़ने का दावा किया गया।

Image

बीजापुर में CRPF ने बरामद किया हथियारों का जखीरा (सांकेतिक फोटो)

Photo : PTI

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हासिल हुई है। सुरक्षाबलों ने जंगलों में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे तलाशी अभियान में भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए हैं। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 199वीं बटालियन ने नक्सलियों द्वारा जमीन के नीचे और जंगलों में छिपाए गए 14 अलग-अलग ठिकानों (डंप्स) का पता लगाया है। सुरक्षाबलों के अनुसार, यह गोला-बारूद और विस्फोटक नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए पहले छिपाकर रखे थे।

बीजापुर के जंगलों में छिपाकर रखे थे हथियार

अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दल ने शनिवार को जिले के एड़ी, हर्री, नयापारा और सरपंचपारा पीडिया और कुआपगुड़ा गांवों के जंगल से नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियार, गोलाबारूद के 14 जखीरे बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि सीआरपीएफ के दल को तलाशी अभियान के लिए रवाना किया गया था। दल जब शनिवार को जिले के एड़ी, हर्री, नयापारा और सरपंचपारा पीडिया तथा कुआपगुड़ा गांवों के जंगल में था तब उन्हें नक्सलियों द्वारा सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक सामग्री मिली।

8 डेटोनेटर और 10 IED बरामद

अधिकारियों ने बताया कि बरामद सामान में एक 303 बोल्ट एक्शन रायफल, पांच भरमार रायफल और एक 12 बोर देशी रायफल, आठ डेटोनेटर, कोडेक्स वायर, 10 बारूदी सुरंग, बिना बैटरी का एक वायरलेस सेट, चार प्लास्टिक कंटेनर और तीन बड़े स्टील कंटेनर शामिल हैं। इसके अलावा बारूदी सुरंग बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, विभिन्न प्रकार की इलेक्ट्रिक सामग्री और नक्सलियों के कपड़े समेत कुल 99 प्रकार की वस्तुएं भी बरामद की गई हैं।

अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान जवानों ने अत्यंत सतर्कता बरतते हुए इलाके की घेराबंदी की और चरणबद्ध तरीके से खोज अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि एड़ी, हर्री तथा पीडिया कुआपगुड़ा और आसपास का क्षेत्र पूर्व में नक्सली गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील रहा है। अधिकारियों ने कहा कि सीआरपीएफ की 199वीं वाहिनी द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियानों के परिणामस्वरूप क्षेत्र में नक्सल प्रभाव कम हुआ है और ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

सीआरपीएफ के 199वीं वाहिनी के कमांडेंट आनंद कुमार ने कहा कि बल आम नागरिकों की सुरक्षा, क्षेत्र में शांति और विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी सूचना आधारित अभियानों को और प्रभावी तरीके से संचालित किया जाएगा तथा क्षेत्र को पूर्णतः नक्सलमुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article