Supaul Boat Capsize: बिहार के सुपौल जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आ रही है, जहां भपटियाही थाना क्षेत्र में कोसी नदी में ग्रामीणों से भरी एक नाव अचानक पलट गई। इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। नाव पर सवार कई लोग नदी की तेज धार में बह गए हैं और उनके लापता होने की आशंका है।
सुपौल में बड़ा नाव हादसा
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- पिता को मारकर बाल्टी में भरने वाले भाई-बहन को फांसी की सजा, पेंशन की लालच में अंधा हो गया था पूरा परिवार
मूंग तोड़ने जा रहे थे ग्रामीण
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा बनेनिया घाट के पास हुआ। दर्जनों ग्रामीण नाव पर सवार होकर कोसी नदी के पार स्थित पलार क्षेत्र में मूंग की फसल तोड़ने जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और सुरक्षित बचाई गई महिलाओं ने बताया कि नाव पर उसकी क्षमता से कहीं अधिक लोग सवार थे। जैसे ही नाव नदी के बीचों-बीच पहुंची, अत्याधिक वजन के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई।स्थानीय लोगों ने बचाई कई जानें
हादसा होते ही घाट पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाई और नदी में डूब रहे लोगों को बचाने के लिए छलांग लगा दी। ग्रामीणों के अथक प्रयासों से चार से पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, नाव पर कुल कितने लोग सवार थे, इसकी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रशासन यात्रियों की वास्तविक संख्या का पता लगाने का प्रयास कर रहा है।
मौके पर कैंप कर रहे अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही सरायगढ़-भपटियाही अंचल प्रशासन तुरंत हरकत में आया। अंचलाधिकारी (सीओ), भपटियाही थाना अध्यक्ष बृजेश कुमार दुबे और अन्य वरिष्ठ अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीमों की मदद से नदी में बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। नदी से सुरक्षित निकाले गए घायलों को तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरायगढ़ में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है।
