शहर

गाड़ी गंदी हो जाएगी- अस्पताल ले जाने के बजाय बीच सड़क प्राचार्य की गाड़ी से छात्रा को उतारा, मौत

सीतामढ़ी के सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज में एक छात्रा की मौत के बाद छात्र आंदोलन पर उतर गए हैं। छात्र कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Image

सीतामढ़ी सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रा की मौत के बाद छात्रों में आक्रोश (फोटो- टाइम्स नाउ नवभारत)

बिहार के सीतामढ़ी जिले के सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज में फाइनल ईयर की एक छात्रा की मौत के बाद कॉलेज परिसर में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिल रहा है। इस घटना को लेकर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कॉलेज प्रशासन, विशेषकर प्राचार्य के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए हैं। प्रदर्शनकारी लगातार नारेबाजी कर मृतक छात्रा को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।

कॉलेज प्रशासन पर लापरवाही का आरोप

छात्रों के अनुसार, 23 जनवरी को छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। वह कॉलेज के हॉस्टल में रह रही थी, लेकिन गंभीर हालत के बावजूद कॉलेज प्रशासन ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाने में लापरवाही बरती। छात्रों का आरोप है कि समय रहते न तो एंबुलेंस बुलाई गई और न ही कोई वैकल्पिक त्वरित चिकित्सा व्यवस्था की गई।

प्राचार्य की गाड़ी से छात्रा को उतारा

मामला उस वक्त और गंभीर हो गया, जब छात्रों ने प्रशासन पर अमानवीय व्यवहार का आरोप लगाया। छात्रों का कहना है कि जब छात्रा की हालत ज्यादा बिगड़ने पर उसे प्राचार्य की चार पहिया गाड़ी से अस्पताल ले जाया जा रहा था, तो रास्ते में यह कहकर उसे वाहन से उतार दिया गया कि गाड़ी गंदी हो जाएगी। छात्रों के मुताबिक इसी देरी ने छात्रा की जान ले ली।

भागलपुर की रहने वाली थी छात्रा

बताया जा रहा है कि मृतक छात्रा बिहार के भागलपुर जिले की रहने वाली थी और इंजीनियरिंग की अंतिम वर्ष की छात्रा थी। समय पर बेहतर इलाज न मिलने के कारण उसकी मौत हो गई। इस घटना से कॉलेज के छात्रों में गहरा आक्रोश है और वे इसे प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर मामला बता रहे हैं। घटना के बाद कॉलेज परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है, ताकि स्थिति को नियंत्रित रखा जा सके। इसके बावजूद छात्रों का धरना-प्रदर्शन जारी है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article