बिहार में आज का मौसम (07 May 2026 Bihar Weather Today): बिहार में मौसम कहर बरपा रहा है। यहां लगातार आंधी-बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटे के दौरान राजधानी पटना समेत कई जिलों में भारी बारिश हुई और ओले भी गिरे। जिससे कई इलाकों में जलभराव की समस्या देखने को मिल रही है। पटना के गांधी मैदान में आज बिहार सरकार के मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह है। लेकिन कल हुई बारिश के बाद मैदान में पानी भर गया। अगर आज भी बारिश होती है, तो कार्यक्रम के दौरान खलल पड़ सकता है। आइए जानते हैं कि आज बिहार के किन जिलों में बारिश का अलर्ट है।
बिहार में 7 मई को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज बिहार के 24 जिलों में बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है। जिसमें सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, मधेपुरा, भागलपुर, खगड़िया, जमुई, बांका और मुंगेर शामिल हैं। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से इन जिलों में तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही ठनका गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।
पटना में आज कैसा रहेगा मौसम (Patna Weather Today)
पटना में आज सुबह से बादल छाए हुए हैं, लेकिन यहां बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि दिन में उमस परेशान कर सकती है। पटना में आज अधिकतम तापमान 34 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। बुधवार को यहां तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई, साथ ही कहीं-कहीं ओले भी गिरे। जिससे कहीं पानी भरने तो कहीं सड़क धंसने की घटनाएं सामने आईं। बिहार में बीते दिन बगहा, किशनगंज, अररिया, सुपौल और खगड़िया में भी भारी बारिश दर्ज की गई।
बिहार में हुई सामान्य से 186% अधिक बारिश
बिहार में पिछले 24 घंटे के दौरान औसत से 186 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई। इस दौरान 94.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 10 मई से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने का पूर्वानुमान जताया है। जिसका प्रभाव बिहार के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश एक ओर जहां गर्मी से राहत दिला रही, वहीं दूसरी ओर यह किसानों के लिए मुसीबत बनी हुई है। खराब मौसम के चलते किसानों की फसलें पानी में डूब कर खराब हो रही है। खासतौर पर सब्जियों की खेती करने वाले किसानों को भारी नुकसान हो रहा है, क्योंकि बारिश के कारण खेतों में पानी भरने से सब्जियां सड़ने लगी हैं। आंधी के कारण भी कई जगहों पर फसलें खराब हुई हैं। ऐसे में उत्पादन पर इसका प्रभाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल अगले 4 दिनों तक बिहार में ऐसा ही बारिश वाला मौसम बने रहने का पूर्वानुमान है।
