Bihar Flood Update: बिहार में कुदरत का कहर जारी है। राज्य और पड़ोसी राज्य झारखंड में हुई भारी बारिश के बाद नदियों का जलस्तर बेकाबू हो चुका है। स्थिति इतनी बिगड़ गई है कि राजधानी पटना के गांधी घाट पर गंगा नदी अपने पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए 'उच्चतम बाढ़ स्तर' (HFL) से भी ऊपर बह रही है। रविवार को गांधी घाट पर जलस्तर 50.57 मीटर दर्ज किया गया, जिसने 2016 के 50.52 मीटर के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इस खौफनाक मंजर के बीच 12 जिलों की 22 लाख से ज्यादा आबादी पानी के बीच घिरी हुई है।
नदियों के इस उफान का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। पटना-गया रूट पर पुनपुन और परसा बाजार के बीच पुल संख्या 21 पर पानी का स्तर खतरनाक स्तर तक पहुंचने के कारण कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है या उनके रूट बदल दिए गए हैं। प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों की मदद के लिए सरकार ने 1,429 नावों को लगाया है, जबकि राहत देने के लिए 190 सामुदायिक रसोई चलाई जा रही हैं। मोर्चे पर एनडीआरएफ की 10 और एसडीआरएफ की 27 टीमें लगातार गश्त कर रही हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: Siwan News: बिजली कटी, नेटवर्क उड़ा और बंद लिफ्ट में घुटने लगा दम! अस्पताल की लापरवाही से 1 घंटे फंसी रहीं 2 महिलाएं
प्रशासन ने दी लोगों को ये खास सलाह
पटना के अलावा भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार, लखीसराय और अरवल में हालात बेहद नाजुक हैं। गंडक, कोसी, बूढ़ी गंडक और बागमती जैसी प्रमुख नदियां भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। प्रशासन ने निचले इलाकों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने और नदियों के करीब न जाने की सख्त सलाह जारी की है। इस भीषण तबाही के बीच राजनीति भी गरमा गई है।
तेजस्वी यादव ने पीएम से की 'राष्ट्रीय आपदा' घोषित करने की मांग
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की है कि बिहार में आई इस विनाशकारी बाढ़ को 'राष्ट्रीय आपदा' घोषित किया जाए। तेजस्वी ने बाढ़ राहत कार्यों के लिए केंद्र से 5,000 करोड़ रुपये की विशेष वित्तीय मदद और सेना के हेलीकॉप्टरों की सेवा उपलब्ध कराने की अपील की है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक रुक-रुक कर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे हालात और गंभीर होने की आशंका है।
