शहर

'9 जुलाई तक पुलिसकर्मी गिरफ्तार नहीं हुए तो करूंगी आमरण अनशन', भरत तिवारी की मां की चेतावनी, परिवार ने निगरानी का लगाया आरोप

Bharat Tiwari Encounter: बिहार के भोजपुर जिले से दो बड़ी खबरें सामने आई हैं। पहली घटना में, चर्चित भरत तिवारी कथित एनकाउंटर मामले में न्याय न मिलने पर उसकी मां ने 9 जुलाई से आमरण अनशन पर बैठने की चेतावनी दी है; परिवार ने घर के बाहर संदिग्ध गाड़ियों से निगरानी रखने का भी आरोप लगाया है।

Image

भरत तिवारी कथित एनकाउंटर मामले में मां ने दी अनशन की चेतावनी (फाइल फोटो)

Bharat Tiwari Encounter: बिहार के भोजपुर (आरा) जिले में इन दिनों दो अलग-अलग मामलों को लेकर सियासी और सामाजिक हलचल काफी तेज हो गई है। एक तरफ जहां चर्चित भरत तिवारी कथित एनकाउंटर मामले में पीड़ित परिवार ने न्याय के लिए आंदोलन को तेज करने का मन बना लिया है, वहीं दूसरी तरफ प्रशासनिक बंदिशों के चलते जगदीशपुर में होने वाली एक बड़ी महापंचायत को टालना पड़ा है।

भोजपुर के बहुचर्चित भरत तिवारी कथित मुठभेड़ मामले में पीड़ित परिवार ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। भरत की मां आशा देवी ने भावुक और कड़े लहजे में कहा है कि यदि आगामी 9 जुलाई तक इस मामले में नामजद आरोपी पुलिस अधिकारियों की गिरफ्तारी नहीं की जाती है, तो वह उसी दिन से आमरण अनशन (भूख हड़ताल) पर बैठ जाएंगी।

भरत की बहन ने प्रशासन पर लगाए बेहद गंभीर आरोप

यही नहीं, भरत की बहन रूबी देवी ने प्रशासन और स्थानीय व्यवस्था पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घटना के बाद से ही उनके घर के आसपास रात 11 बजे के बाद बिना नंबर प्लेट वाली कुछ संदिग्ध गाड़ियां लगातार चक्कर काट रही हैं। इससे पूरा परिवार बेहद डरा हुआ है और उन्हें अपनी जान का खतरा सता रहा है। परिवार ने सरकार से मांग की है कि दोषी अधिकारियों को तुरंत जेल भेजा जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो, ग्रामीणों पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं और उनके परिवार को तुरंत सुरक्षा मुहैया कराई जाए।

धारा 144 लागू होने से 'बहुजन महापंचायत' टली'

भोजपुर जिले के ही जगदीशपुर इलाके से दूसरी बड़ी खबर है, जहां 5 जुलाई को होने वाली 'बहुजन महापंचायत' को फिलहाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। आयोजन समिति ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास स्थानीय प्रशासन ने अचानक धारा 144 लागू कर दी और कार्यक्रम की अनुमति देने से साफ इनकार कर दिया।

आयोजकों के मुताबिक, उन्होंने पहले एक सरकारी मैदान और बाद में एक निजी जमीन पर इस महापंचायत को करने की पूरी तैयारी कर ली थी। हालांकि, प्रशासन ने कानून-व्यवस्था और भारी भीड़ जुटने की संभावना का हवाला देकर दोनों ही जगहों के लिए परमिशन देने से मना कर दिया। आयोजकों का कहना है कि वे कानून का सम्मान करते हैं, इसलिए कार्यक्रम को फिलहाल रोका गया है। अब प्रशासन से दोबारा बातचीत कर और नई अनुमति मिलने के बाद ही महापंचायत की अगली तारीख का ऐलान किया जाएगा।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article