भोपाल

मोटरसाइकिल पर पलटा कोयले से भरा डंपर, दो लोगों की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने बस और डंपर में लगाई आग

Singrauli Accident: एमपी के सिंगरौली जिले में कोयले से लदा एक डंपर ट्रक मोटरसाइकिल पर पलट गया। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई। इस हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने कई बसों और डंपर में आग लगाकर प्रदर्शन किया।

Image

मोटरसाइकिल पर पलटा कोयले से भरा डंपर

Singrauli Accident: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया है। यहां कोयले से लदा एक डंपर ट्रक मोटरसाइकिल पर पलट गया, जिसमें मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों की मौत हो गई। इस दुर्घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दी और कुछ बसों एवं ट्रकों में आग लगा दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालत काबू में करने की कोशिश की। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभी स्थिति नियंत्रण में है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

मोटरसाइकिल पर पलटा डंपर ट्रक

पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना माडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत अमीलिया घाटी के समीप शुक्रवार अपराह्न करीब तीन बजे हुई।अमीलिया घाटी यहां जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूरी पर स्थित है। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने बताया कि अदाणी समूह की खदान से जुड़ा एक डंपर यहां मोटरसाइकिल पर पलट गया, जिससे मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के समय गजरा बहरा यार्ड से डंपर कोयला लेकर जा रहा था।

अधिकारी ने बताया कि बाद में गुस्साए ग्रामीणों ने सुहेरा, गाडा खाद और अमीलिया घाटी इलाकों में प्रदर्शन किया और इस दौरान उन्होंने पांच बसों तथा तीन डंपरों में आग लगा दी। खत्री ने कहा कि लोगों ने फैक्ट्री क्षेत्र में भी घुसने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया और वहां से खदेड़ दिया। मृतकों की पहचान रामलालू यादव और रामसागर प्रजापति के रूप में हुई है। खत्री ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article