भोपाल

विवाहित प्रेमी की हैवानियत... गर्भवती युवती के साथ किया गैंगरेप, फिर खाई में फेंककर जान से मारने की कोशिश

मध्य प्रदेश के दमोह जिले में 18 वर्षीय गर्भवती युवती से उसके विवाहित प्रेमी और एक अन्य आरोपी ने दुष्कर्म किया और हत्या के इरादे से खाई में फेंक दिया। जिससे युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। जांच में खुलासा हुआ कि घटना के समय वह नाबालिग थी, इसलिए पॉक्सो एक्ट भी लगाया गया है।

Image

फाइल फोटो

Damoh Crime News: मध्य प्रदेश के दमोह जिले में 18 वर्षीय एक गर्भवती युवती को उसके विवाहित प्रेमी एवं एक अन्य आरोपी ने कथित तौर पर बलात्कार किया। जिसके बाद युवती को खाई में धकेल दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि स्थानीय पंचायत प्रधान ने दमोह जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर दूर सिंगरामपुर चौकी के अंतर्गत तेलन मार्ग के पास गंभीर रूप से घायल महिला को सोमवार सुबह खाई में देखा। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार जबेरा थाना प्रभारी विकास चौहान ने बताया कि एक स्थानीय व्यक्ति पीड़िता को अपने निजी वाहन से जबेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गया। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी. के. राय ने कहा, ‘‘युवती ने पुलिस को बताया कि दोनों आरोपी उसे एक सुनसान जगह पर ले गए, उन्होंने उसका उत्पीड़न किया और उसे तेलन मार्ग पर खाई में धकेल दिया।’’ उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए दमोह रेफर कर दिया गया। पीड़िता कटनी की रहने वाली है।

इलाज कराने के बहाने ले गया आरोपी

थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता रविवार दोपहर करीब दो बजे के बाद से लापता थी और इस संबंध में माधव नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। चौहान ने बताया कि महिला शुरू में जानकारी साझा करने को तैयार नहीं थी, लेकिन चिकित्सकीय जांच में उसके सात महीने की गर्भवती होने की पुष्टि होने के बाद उसने घटनाक्रम का खुलासा किया। उन्होंने कहा, ‘‘महिला ने पुलिस को बताया कि उसने अपने प्रेमी से अपना इलाज कराने में मदद मांगी थी। उसका प्रेमी और प्रेमी का रिश्ते का भाई उसे इलाज कराने के बहाने दमोह के डुमरगाव गांव ले गए। उन्होंने जंगल में उसके साथ बलात्कार किया और फिर वे उसे छोड़कर चले गए।’’

पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कटनी के माधव नगर थाने के प्रभारी अभिषेक चौबे ने सोमवार को बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि चूंकि पीड़िता से जब बलात्कार हुआ, उस समय वह नाबालिग थी इसलिए यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की धाराएं भी लगाई गई हैं।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!