प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्विस राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन को गुलमर्ग, कोणार्क और योर नाम के तीन भारतीय चीज भेंट किए। तीनों चीज मुंबई की अवॉर्ड-विनिंग क्रीमरी Eleftheria Cheese में तैयार किए जाते हैं।
तीनों में योर शायद सबसे दिलचस्प है। इसे स्विस Gruyère से प्रेरणा लेकर तैयार किया गया है। आठ से नौ महीने की एजिंग के दौरान इसमें नट्स जैसी मिठास और हर्बल स्वाद विकसित होता है। इसकी रिंड पर गुलाब की पंखुड़ियों और सौंफ का इस्तेमाल किया जाता है।
योर को फोंड्यू और ग्रिल्ड डिश में इस्तेमाल किया जा सकता है। इस तरह तीनों चीज यूरोपीय तकनीकों और भारतीय पहचान का मेल दिखाते हैं। खास बात यह है कि स्विट्जरलैंड जैसे चीज-प्रेमी देश के राष्ट्रपति को भारत ने अपने स्थानीय अंदाज वाला चीज तोहफे में दिया।
कोणार्क चीज फ्रेंच Tomme शैली में तैयार किया जाता है। इसका बाहरी हिस्सा प्राकृतिक और खुरदुरा होता है, जबकि अंदर का हिस्सा मुलायम रहता है। स्वाद में मिट्टी और नमकीन नोट्स के साथ अंत में हल्की सिट्रसी ताजगी महसूस होती है।
कोणार्क ने 2023 के World Cheese Awards में Gold हासिल किया था। इसके बाद 2025 में स्विट्जरलैंड में आयोजित प्रतियोगिता में इसे Silver मिला। यह चीज पिघलने के लिए भी अच्छा माना जाता है, इसलिए टोस्ट और ग्रिल्ड चीज जैसे व्यंजनों में इस्तेमाल किया जा सकता है।
गुलमर्ग चीज फ्रेंच ब्री शैली से प्रेरित है और इसे पाश्चुरीकृत गाय के दूध से बनाया जाता है। इसकी सबसे खास बात इसका हार्ट शेप है। ऊपर सफेद मुलायम रिंड होती है, जबकि अंदर इसका टेक्सचर बेहद नरम और क्रीमी रहता है।
गुलमर्ग को 2026 के Mundial do Queijo do Brasil में Super Gold सम्मान मिला। इसकी खासियत इसका मक्खन जैसा टेक्सचर और मशरूम व मिट्टी जैसी हल्की खुशबू वाला स्वाद बताया जाता है। इसे करीब दो से तीन सप्ताह तक एज किया जाता है।