भोपाल

MP Weather: मध्य प्रदेश में भारी बारिश का कहर, उफान पर नदियां, निचली बस्तियों में बाढ़ का खतरा

MP Weather: मध्य प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। बढ़ते जलस्तर के कारण बांधों के गेट भी खोलने पड़ रहे हैं। इस बीच मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के 50 से अधिक जिलों में बिजली कड़कने के साथ मध्यम से भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है।

Image

मध्य प्रदेश में बारिश का कहर

Photo : iStock

MP Weather: मध्य प्रदेश में मानसून एक्टिव है और लगातार भारी बारिश का दौर जारी है। कई जिलों में भारी बारिश के कारण जलभराव की समस्या सामने आ रही है। यहां हो रही मूसलाधार बारिश के चलते कई नदियां उफान पर हैं। नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण बांधों में भी पानी बढ़ने लगा है, जिस कारण उनका गेट खोलना पड़ा। बांध के गेट खोलने से निचली बस्तियों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। इस बीच मौसम विभाग ने 50 से अधिक जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

एमपी में जारी बारिश का दौर

मौसम विभाग ने समय-समय पर मौसमी परिस्थितियों को देखते हुए पूरे प्रदेश में बारिश के विभिन्न अलर्ट जारी किए हैं। बता दें कि प्रदेश में शनिवार की रात शुरू हुई बारिश रविवार को दिन में भी जारी है। राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के 20 से ज्यादा जिलों में तेज बारिश हो रही है। इस दौरान नर्मदापुरम में सबसे ज्यादा नौ घंटे के भीतर चार इंच बारिश दर्ज की गई। पचमढ़ी में 3.9 इंच और शाजापुर में 3.4 इंच बारिश हुई है। गुना, सिवनी, छिंदवाड़ा और खरगोन में भी एक इंच से अधिक बारिश हुई है।

बढ़ते जलस्तर के कारण डैम के गेट खोले गए

भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ गया है, जिस कारण बेतूल जिले के सतपुड़ा डैम के तीन गेट खोले गए हैं। वहीं छिंदवाड़ा के माचागोरा डैम के दो गेट खोले गए हैं। रायसेन के बारना नदी पर बने डैम के भी गेट खोले गए। भोपाल के कोलार बांध के भी गेट खोले गए हैं। भारी बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों की निचली बस्तियों में पानी भर गया है। यहां रहने वाले लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, अगले 24 घंटे में दमोह, रायसेन, नरसिंहपुर, भिंड, अशोकनगर, सागर, श्योपुरकलां, मुरैना, खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर, पांढुर्ना पेंच, दक्षिण छिंदवाड़ा, दक्षिण सिवनी, नीमच, मंदसौर, गुना, निवाड़ी में बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश होने की आशंका है। छतरपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, टीकमगढ़, अनूपपुर अमरकंटक, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट, शिवपुरी, दतिया, मैहर, रतलाम, नर्मदापुरम पचमढ़ी, हरदा, बैतूल, देवास में बिजली कड़कने के साथ मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना जताई गई है। शाजापुर, राजगढ़, सीहोर, धार, इंदौर, सिंगरौली, सतना, रीवा, मऊगंज, भोपाल, जबलपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, पन्ना, अलीराजपुर, बड़वानी, झाबुआ में भी बारिश होने की संभावना है।

इनपुट -IANS

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!