भोपाल

MP Police Attack: पन्ना में पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने किया हमला, हथियार भी लूटे; थानेदार और कॉन्स्टेबल घायल

Panna Police Attack: पन्ना के बृजपुर थाना क्षेत्र में धरमपुर गांव में हत्या के एक आरोपी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिस के हथियार भी लूट लिए। इस दौरान दो पुलिसकर्मियों को सिर में गंभीर चोटें आईं। फिलहाल स्थिति काबू में है और इलाके में पुलिस बल भी तैनात है।

Image

पन्ना में पुलिस टीम पर हमला

MP Police Attack: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के ब्रजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर बड़ा हमला हुआ। पुलिस टीम एक आरोपी को पकड़ने के लिए धरमपुर गांव गई थी, तभी ग्रामीणों ने पुलिस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिस की दो बंदूकें भी छीन ली। इस हमले में थानेदार और एक कॉन्स्टेबल घायल हो गए। वहीं अन्य पुलिसकर्मियों को जान बचाकर भागना पड़ा। घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस हमले के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है।

ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से किया हमला

जानकारी के अनुसार, थाना बृजपुर की पुलिस टीम ग्राम धरमपुर में हत्या के आरोपी पंचम यादव पिता शिव सिंह यादव को पकड़ने गई थी। आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान करीब 40-50 ग्रामीणों ने पुलिस टीम को घेर लिया। ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने पुलिस की दो राइफलें छीन लीं। इस हमले में थाना प्रभारी महेंद्र सिंह भदौरिया को कुल्हाड़ी लगी, जबकि कई अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पन्ना एसपी भारी पुलिस बल के साथ पहुंचीं

पुलिस टीम पर हमले की सूचना मिलते ही पन्ना एसपी निवेदिता नायडू तुरंत मुख्यालय से भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। हालात पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात तकिया गया। पुलिस ने हालात पर काबू पाकर मुख्य आरोपी पंचम यादव को गिरफ्तार कर लिया। घटना में घायल थाना प्रभारी महेंद्र सिंह भदौरिया और आरक्षक रामनिरंजन को इलाज के लिए सतना के बिरला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

आरोपियों की तलाश जारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी छतरपुर मौके पर पहुंचे। सागर रेंज की आईजी हिमानी खन्ना ने भी मामले की जानकारी ली। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। फिलहाल आरोपी पंचम यादव को थाना बृजपुर में रखा गया है। पुलिस ने छिनी गई राइफलों की बरामदगी के लिए सर्च ऑपरेशन भी शुरू कर दिया है। पुलिस ने इस हमले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली है। उनकी तलाश के लिए टीमें भी गठित की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article