Ladli Bahna Yojna: प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि लाडली बहना योजना की जून माह की किस्त सोमवार, 16 जून को जबलपुर जिले के बरगी में वितरित की जाएगी। यह कार्यक्रम पहले 13 जून को आयोजित होने वाला था, लेकिन अहमदाबाद में हुई विमान दुर्घटना के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था।
इस अवसर पर, मुख्यमंत्री यादव लाडली बहना योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, संबल योजना और सिलेंडर रिफिलिंग योजना के तहत लाभार्थियों के खातों में राशि ट्रांसफर करेंगे। इस बार लाडली बहना योजना की 25वीं किस्त के तहत 1 करोड़ 27 लाख बहनों के खातों में कुल 1551 करोड़ 44 लाख रुपये भेजे जाएंगे, जिसमें हर लाभार्थी को 1250 रुपये मिलेंगे। इसके अलावा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 56 लाख 68 हजार लाभार्थियों के खातों में 341 करोड़ रुपये की राशि भेजी जाएगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री 27 लाख से अधिक बहनों को सिलेंडर रिफिलिंग के लिए 39.14 करोड़ रुपये भी ट्रांसफर करेंगे। संबल योजना के तहत 6821 मजदूर परिवारों को 150 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि का अंतरण भी किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी करेंगे।
