MP Global Investors Summit 2023: मध्यप्रदेश में जनवरी में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट होना है। शिवराज सरकार दावा कर रही है कि इससे राज्य में भारी मात्रा में निवेश आएगा और युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसकी तैयारियों और शिवराज सिंह सरकार के उद्देश्यों को लेकर टाइम्स नाउ नवभारत ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से बात की। उन्होंने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारी पूरी हो चुकी है। इंदौर और मध्यप्रदेश पूरी तरह से तैयार है। यह सरकारी कार्यक्रम नहीं है, यह जनता का कार्यक्रम है। इंदौर ने दिल के दरवाजे खोल दिए हैं, होटल में रहने की भी जरूरत नहीं है, लोगों ने अपने घर खोल दिए हैं।
आ रहे सैकड़ों उद्योगपति
शिवराज सिंह चौहान ने निवेश को लेकर बात करते हुए कहा कि आफ्टर कोविड, हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं। इसके लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद कि वैक्सीन बनी और कोविड से हम अब बहुत हद तक मुक्त हैं। वातावरण में उत्साह है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 6654 उद्योगपति आ रहे हैं, हर बड़ी कंपनी के प्रतिनिधि रहेंगे। हर सेक्टर का प्रेजेंटेशन होगा, मुझे विश्वास है कि मध्य प्रदेश निवेश की दृष्टि से उड़ान भरेगा।
मुख्यमंत्री नहीं CEO
आगे शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उद्योगपति सुविधाएं चाहते हैं, उसमें दिक्कत ना आए। इसलिए हर सोमवार को मैं उद्योगपतियों को मिलने का समय देता हूं। चर्चा करता हूं और जो सुविधाएं दी जा सकती हैं, उन्हें देने का काम करते हैं। इसीलिए मैं कहता हूं मैं सीएम नहीं सीईओ हूं। हमारे यहां जो निवेश करने आएगा, उसको हम जरूरी सुविधाएं देंगे। निवेशक और उद्योगपति को परेशानी ना हो।
किस तरह की सुविधाएं
सुविधाओं को लेकर जब शिवराज सिंह से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हमारी नीतियां इन्वेस्टमेंट फ्रेंडली हैं। टेक्सटाइल, रेडिमेड गारमेंट्स, फार्मा, ऑटोमोबाइल सेक्टर में निवेश आ रहा है। पहले से ही निवेश आना शुरू हो गया है, परिणाम बहुत उत्साहजनक हैं। जमीन की पर्याप्त उपलब्धता है, मध्यप्रदेश में बिजली और पानी पर्याप्त हैं। औद्योगिक अशांति नहीं है। मध्यप्रदेश में स्किल्ड मैनपॉवर है और इन्वेस्टर फ्रेंडली नीतियां हैं। मध्यप्रदेश में अच्छी सरकार है जो रोजगार के लिए निवेश लाना चाहती है। इन सारी विशेषताओं को हम उद्योगपतियों को बता रहे हैं।
आएगा रोजगार
रोजगार को लेकर सीएम ने कहा कि जब निवेश आएगा तो रोजगार के अवसर भी आएंगे और यहां मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि हम सब तरह के निवेश को लाना चाहते हैं, ज्यादा रोजगार के अवसर देने वाले निवेशकों और उद्योगों को प्राथमिकता और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
विपक्ष को घेरा
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को लेकर कांग्रेस के सवालों पर उन्होंने कहा कि जब से उनकी सरकार इन्वेस्टर्स समिट प्रारंभ की है तब से 3.45 लाख करोड़ का निवेश आया है। 4.30 लाख से ज्यादा लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि यह आंकड़े सिर्फ बड़े निवेशकों के हैं। एमएसएमई के आंकड़े भी अलग हैं । अगर प्रयास किया जाता है तो परिणाम आते हैं। उन्होंने कहा- "मुझे आज अजीब लग रहा है, जब पूरी दुनिया मध्य प्रदेश की ओर आ रही है, 73 देश मध्य प्रदेश आ रहे हैं, 2 देशों के राष्ट्र प्रमुख आ रहे हैं। अलग-अलग देशों के मंत्री आ रहे हैं। तब मध्यप्रदेश में कोई भी राजनीतिक दल हो, उसका कर्तव्य है कि आलोचना न करते हुए साथ दे। जब कमलनाथ जी मुख्यमंत्री थे और उन्होंने यह समिट किया था तो पत्रकार उम्मीद कर रहे थे कि मैं आलोचना करूंगा , लेकिन मैंने आलोचना नहीं की। मध्य प्रदेश में निवेश आए इसके लिए हमेशा प्रयासरत रहा हूं, कुछ मामले तो हों जो राजनीति से अलग हों, कुछ चीजें तो छोड़ दो जहां हम प्रदेश का हित सोचें।"
