इंदौर की ड्रीम ओलंपिक शूटिंग एकेडमी के कोच मोहसिन खान पर यौन शोषण के आरोपों का दायरा बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को दो और महिलाओं ने मोहसिन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एक महिला वकील ने अन्नपूर्णा थाने में रेप और ब्लैकमेलिंग की शिकायत दर्ज कराई है। वहीं दूसरी महिला ने छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया है। दोनों पीड़िताओं ने गुरुवार को थाने आकर पुलिस को आपबीती सुनाई। पुलिस ने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जुलाई 2022 में पहली बार फ्लैट पर बुलाया
अन्नपूर्णा थाने पहुंची पहली पीड़िता पेशे से वकील है और एलएलएम की पढ़ाई कर रही है। उसने बताया कि वह सुदामा नगर की रहने वाली है और फरवरी 2021 में शूटिंग सीखने के लिए ड्रीम ओंलिपिंक एकेडमी में दाखिल हुई थी। पीड़िता ने बताया कि उसका कोच मोहसिन खान उसका कोच था। वह कोचिंग के नीचे वाले फ्लैट में ही रहता था। उसने बताया कि मोहसिन ने जुलाई 2022 में उसे फ्लैट पर कॉल करके बुलाया और कहा कि प्रतियोगिता के संबंध में कोई जरूरी बात करनी है। जब वह फ्लैट पर पहुंची तो आरोपी ने उसे जबरन गले लगा लिया और विरोध करने पर उसे धमकाते हुए कहने लगा कि जैसा कहूं वैसा करो, यहां कोई नहीं आने वाला। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने उसे धमकी भी दी कि अगर किसी को बताया तो बदनामी तुम्हारी होगी और तुमसे कोई शादी नहीं करेगा।
आरोपी ने धमकी देकर कई बार किया रेप
पीड़िता ने बताया कि वह डर के चलते चुप रही और आरोपी ने उसके डर का फायदा उठाकर फरवरी 2022 से दिसंबर 2023 के बीच कई बार जबरन संबंध बनाए। पीड़िता की शादी होने के बाद वह इंदौर से बाहर चली गई। इसके बाद भी आरोपी उसे ब्लैकमेल करता रहा और पति को बताने की धमकी दी। पति की नौकरी इंदौर में लगने पर वह भी वापस लौट आई। जिसके बाद आरोपी ने फिर से उसपर दबाव बनाकर फ्लैट पर बुलाया और दुष्कर्म किया। आरोपी उसे धमकाकर बार-बार अपने फ्लैट पर बुलाता रहा और कहा कि जब भी बुलाईं, तब आना पड़ेगा, वरना फोटो और वीडियो वायरल कर दूंगा। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे जबरन नॉनवेज भी खिलाया और हाथ में पहना हुआ कलावा भी उतरवा दिया।
जब मीडिया में मोहसिन के खिलाफ खबरें सामने आईं, तो पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पिता को सब कुछ बताया और थाने में पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। बता दें कि मोहसिन को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी पर पॉक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।
