Bhind Dalit Youth Tortured: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में एक 25 वर्षीय दलित युवक का अपहरण कर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई और कथित तौर पर उसे अपने पेशाब पीने के लिए मजबूर किया गया। पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को इस मामले की जानकारी दी। शुरुआती जांच के अनुसार, मुख्य आरोपी ने यह कार्रवाई इसलिए की क्योंकि पीड़ित युवक ने उसके यहां चालक का काम छोड़ दिया था। मामले की जांच अभी जारी है। भिंड के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव पाठक ने बताया कि पीड़ित के बयान के अनुसार, सोमवार को तीन लोगों ने उसे ग्वालियर से अगवा किया और भिंड ले जाकर पिटाई की। घटना भिंड के सुरपुरा थाना क्षेत्र के अकुतपुरा गांव में हुई। पुलिस ने सुरपुरा थाने में दर्ज कर आरोपी सोनू बरुआ, आलोक शर्मा और छोटू ओझा को गिरफ्तार कर लिया है।
ससुराल से जबरन उठाया
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निरोधक) अधिनियम, अपहरण, मारपीट और अमानवीय व्यवहार के तहत मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित युवक को फिलहाल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसे ग्वालियर के दीनदयाल नगर स्थित ससुराल से जबरन उठाकर एक गाड़ी में भिंड ले जाया गया।
प्लास्टिक की पाइप से पीटा और पेशाब पिलाया
बताया जा रहा है कि इस दौरान आरोपियों ने उसे प्लास्टिक की पाइप से पीटा और रास्ते में रोककर एक बोतल में पेशाब भरकर उसे पिलाया। इसके बाद तीनों आरोपियों ने उसे अकूतपुरा गांव ले जाकर लोहे की चेन से बांधा और फिर से पेशाब पीने के लिए मजबूर किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित पहले दतावली गांव के रहने वाले सोनू बरुआ की बोलेरो चलाता था। कुछ दिन पहले उसने गाड़ी चलाना छोड़ दिया था, जिससे नाराज होकर सोनू बरुआ ने अपने साथियों के साथ मिलकर यह घटना अंजाम दी।
(इनपुट - भाषा)
