भोपाल

MP में बनने जा रहा कैंसर अस्पताल; बागेश्वर धाम से है कनेक्शन; पेसेंट्स को नहीं जाना होगा दूसरे राज्य

Bageshwar Dham Cancer Hospital: मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड में कैंसर रोगियों के लिए नए अस्पताल की व्यवस्था हो गई है। 23 फरवरी को बागेश्वर धाम में कैंसर हॉस्पिटल का भूमिपूजन होगा। स्वास्थ्य सुविधा के मामले में कैंसर अस्पताल मील का पत्थर साबित होगा।

Image

(फाइल फोटो)

Bageshwar Dham Cancer Hospital: बुंदेलखंड की तस्वीर बदल रही है, इस क्षेत्र के लोगों को आगामी दिनों में एक और सौगात मिलने वाली है और वह है कैंसर अस्पताल की। 23 फरवरी को इस अस्पताल का भूमिपूजन होना है। देश और दुनिया में बुंदेलखंड को पिछड़े, सूखाग्रस्त, गरीब तथा समस्या ग्रस्त इलाके के तौर पर जाना जाता रहा है, मगर अब यहां के हालात बदल रहे हैं। सूखा की समस्या से निजात दिलाने के लिए जहां 55 हजार करोड़ की केन-बेतवा नदी जोड़ो योजना को मंजूरी मिलने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने भूमिपूजन किया। यह परियोजना इस क्षेत्र के लिए वरदान साबित होने वाली है। अब प्रधानमंत्री मोदी का 23 फरवरी को छतरपुर जिले के ग्राम गढ़ा में आगमन प्रस्तावित है।

बागेश्वर धाम में कैंसर हॉस्पिटल

पीएम मोदी ग्राम गढ़ा के बागेश्वर धाम में कैंसर हॉस्पिटल के भूमिपूजन एवं छठे सामूहिक 251 कन्या विवाह के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस क्षेत्र के लिए यह अस्पताल बड़ी उपलब्धि होगा क्योंकि यहां के लोगों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं और उन्हें इस गंभीर बीमारी के इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर रुख करना होता है।

बताया गया है कि पीएम नरेंद्र मोदी 23 फरवरी को आ रहे हैं। वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 26 फरवरी को आना प्रस्तावित है। इन आयोजनों को लेकर मुख्य सचिव अनुराग जैन ने अधिकारियों के साथ सुरक्षात्मक एवं प्रोटोकॉल संबंधित तैयारियों की समीक्षा बैठक की। मुख्य सचिव जैन ने मंच निर्माण, मंच मजबूती के लिए आयोजकों के साथ समन्वय करते हुए सुचारू रूप से व्यवस्थाएं कराने के निर्देश दिए। साथ ही मार्गों की साफ-सफाई, स्वास्थ्य, सुरक्षा, लोगों के लिए टॉयलेट्स, पानी की व्यवस्था, फायर ब्रिगेड, दूरसंचार, कार्यस्थल पर विद्युत आपूर्ति आदि की सुचारू व्यवस्था करने के लिए निर्देशित किया।

मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के सात-सात जिलों को मिलाकर बुंदेलखंड बनता है। यहां के अधिकांश जिलों में पानी की समस्या है और केन-बेतवा लिंक परियोजना यहां की तस्वीर बदलने वाली साबित होगी। वहीं स्वास्थ्य सुविधा के मामले में कैंसर अस्पताल मील का पत्थर साबित होगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article