भोपाल

इंदौर में 3 साल की बच्ची की हैजा से मौत, युगपुरुष धाम बाल आश्रम में अब तक 11 बच्चों की गई जान

इंदौर के युगपुरुष धाम बाल आश्रम में तीन साल की बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। पिछले डेढ़ महीने में आश्रम में हैजा के प्रकोप के बाद 10 बच्चों की मौत हो चुकी है। बच्ची को तीन अगस्त को बेहद गंभीर हालत में भर्ती कराया गया। लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।

Image

तीन साल की बच्ची की मौत (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

मध्य प्रदेश के इंदौर में हैजा के प्रकोप फैला हुआ है। युगपुरुष धाम बाल आश्रम की एक और बच्ची की मौत हो गई है। तीन वर्षीय बच्ची ने एक सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। बाल आश्रम में अब तक कुल 11 बच्चों की मौत हो चुकी है।

3 अगस्त को कराया गया था भर्ती

शासकीय चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय की अधीक्षक डॉ. प्रीति मालपानी ने बताया,‘‘शहर के श्री युगपुरुष धाम बाल आश्रम की तीन वर्षीय बच्ची को उसके परिजनों ने शनिवार 3 अगस्त को बेहद गंभीर हालत में हमारे अस्पताल में भर्ती कराया था। तब वह उल्टी-दस्त और शरीर में पानी की कमी की समस्या से पीड़ित थी।’’ मालपानी के अनुसार, डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद बच्ची की जान नहीं बचाई जा सकी और उसने सोमवार रात दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि बच्ची कुपोषण और विकलांगता से पहले ही जूझ रही थी। मालपानी के मुताबिक, आश्रम प्रबंधन का कहना है कि उसने बच्ची को हाल ही में उसके परिजनों को सौंप दिया था।

अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन की जांच रिपोर्ट में कुछ दिन पहले खुलासा हुआ था कि श्री युगपुरुष धाम बाल आश्रम में हैजा के प्रकोप के बाद पिछले डेढ़ महीने में 10 बच्चों की मौत हो चुकी है। अधिकारियों के अनुसार, प्रशासन की ओर से गठित उच्च स्तरीय समिति की जांच में आश्रम में क्षमता से अधिक बच्चों को भर्ती किए जाने, बच्चों का मेडिकल रिकॉर्ड उचित तरीके से नहीं रखे जाने और संस्थान के रख-रखाव में अन्य गड़बड़ियों का भी खुलासा हुआ था।

(इनपुट-भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारी author

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी... और देखें

End of Article