शहर

Bengaluru News: नाराज पत्नी को मनाने पहुंचा पति, गेट नहीं खोलने पर खुद को लगाई आग, मौके पर मौत

Bengaluru News: बेंगलुरु में एक कैब ड्राइवर ने पारिवारिक कलह के चलते अपनी पत्नी के घर के बाहर खुद पर केरोसिन छिड़क कर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी को तलाक न देने के लिए मनाने गया था। पत्नी के दरवाजा न खोलने पर उसने यह कदम उठाया।

Image

बेंगलुरु में एक कैब ड्राइवर ने खुद को आग लगाकर किया सुसाइड

Bengaluru News: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां एक कैब ड्राइवर ने खुद को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि पारिवारिक कलह के कारण कैब चालक ने अपनी पत्नी के घर के बाहर केरोसिन छिड़क कर कथित रूप से खुद पर आग लगा ली, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कैब ड्राइवर के शव को कब्जे में लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

कैब ड्राइवर ने केरोसिन छिड़ककर खुद को लगाई आग

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान तुमकुरु निवासी मंजूनाथ (39) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, यह घटना गुरुवार देर रात ज्ञानभारती थाना क्षेत्र अंतर्गत एक इलाके में हुई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया कि मंजूनाथ और उनकी पत्नी नयना राज के बीच विवाद था, जिसके कारण वे 2023 से अलग रह रहे थे। नयना मेकअप आर्टिस्ट है और उसने अदालत में मामला दायर किया था।

हालांकि, मंजूनाथ तलाक के पक्ष में नहीं था और वह नियमित रूप से पत्नी के आवासीय ‘अपार्टमेंट’ में आता था। मंजूनाथ पत्नी से निवेदन करता था कि वह उसके साथ शांति से रहेगा और जब भी वह पत्नी के पास आता तो उसे इस बात के लिए मनाने का प्रयास करता था कि वह तलाक न दे। पश्चिम बेंगलुरु के पुलिस उपायुक्त एस गिरीश ने बताया कि मंजूनाथ गुरुवार को अपनी पत्नी के घर गया लेकिन उसने दरवाजा खोलने से इनकार कर दिया। इससे नाराज होकर वह रात 11 बजे उसके घर फिर से लौटा और कथित तौर पर केरोसिन डालकर उसने खुद को आग लगा ली, जिससे पत्नी के ‘अपार्टमेंट’ के सामने ही उसकी मौत हो गई।

दोनों ने किया था प्रेम विवाह

पुलिस के मुताबिक, मंजूनाथ नयना से प्रेम करता था और परिवार की मर्जी के खिलाफ 2016 में उसने धर्मस्थल पर उससे शादी कर ली थी। तब से वे विमलेश्वर कृपा, ज्ञानभारती एनजीईएफ लेआउट में रह रहे थे। उनका नौ वर्ष का एक बेटा भी है जो चौथी कक्षा में पढ़ता है। पुलिस ने बताया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article