Banaskantha Horror Killing: गुजरात के बनासकांठा जिले के दंतिया गांव से हॉरर किलिंग की घटना सामने आई है। यहां लिव-इन में रह रही एक युवती की उसके पिता और चाचा ने हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया। इतना ही नहीं सबूत मिटाने के लिए युवती का रातों रात अंतिम संस्कार किया गया। प्रेमी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।
पुलिस ने मृतक युवती की पहचान चंद्रिका चौधरी के रूप में की है। अधिकारी ने बताया कि हत्या से पहले युवती ने अपने प्रेमी को मैसेज करके परिवार से जान के खतरे की सूचना दी और उसे ले जाने के लिए कहा था। जब तक युवक कुछ कर पाता तब तक युवती की मौत हो गई। पुलिस ने प्रेमी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया और आरोपी चाचा को गिरफ्तार किया, लेकिन पिता फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
हत्या से पहले युवती ने प्रेमी को भेजा मैसेज
पुलिस ने बताया कि चंद्रिका चौधरी अपने प्रेमी हरेश चौधरी के साथ लिव-इन में रह रही थी। लेकिन परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था। परिवार से जान का खतरा महसूस होने पर युवती ने अपने प्रेमी को 24 जून देर रात मैसेज किया था, जिसमें उसने लिखा था "तुम आकर मुझे ले जाओ, वरना मेरे घरवाले मेरी मर्जी के खिलाफ मेरी शादी करवा देंगे। अगर मैं शादी के लिए राज़ी नहीं हुई, तो वो मुझे मार डालेंगे। तुम मुझे बचा लो।"
इस मैसेज के कुछ घंटों बाद युवती की मौत की खबर सामने आई। युवती को मौत को आत्महत्या दिखाने का प्रयास किया गया था, लेकिन युवक ने पुलिस को बताया कि यह आत्महत्या नहीं, हत्या है। बनासकांठा के SP ने मीडिया को बताया कि यह बात सामने आई है कि चंद्रिका के पिता और चाचा ने मिलकर उसकी हत्या की है। पुलिस ने तुरंत आरोपी चाचा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपी पिता की तलाश जारी है।
पिता और चाचा ने दिया हत्या को अंजाम
बताया जा रहा है कि बेटी के प्रेम प्रसंग से परेशान पिता और चाचा ने शाम के खाने में नींद की गोलियां मिलाकर उसकी हत्या कर दी। फिर इस हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को कमरे में फंदे से लटका दिया। इतना ही नहीं आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए रातों रात बेटे का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
