शहर

बबुआ बिहार में नहीं लिया इन चीजों का मजा तो क्या किया...राजनीति के अलावा जानें क्या है इस स्टेट में स्पेशल?

बिहार सिर्फ एक राज्य नहीं, बल्कि इतिहास, संस्कृति और परंपराओं का जीवंत संगम है, जहां प्राचीन विरासत आज भी सांस लेती है। ऐसे में आज हम आपको इस राज्य से जुड़ी कुछ फेमस चीजों के बारे में बताएंगे।

Image

राजनीति के अलावा ये हैं बिहार की फेमस चीजें

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Bihar Famous Things: बिहार की राजगद्दी पर सम्राट का तिलक हो चुका है। बिहार को सम्राट चौधरी (Samrat Choudhary) के रूप में 20 साल बाद नया सीएम मिला है। इसके साथ ही सम्राट राज्य के 24 वें मुख्यमंत्री हैं। उनके अलावा दो डिप्टी सीएम बिजेंद्र यादव और विजय चौधरी ने भी मंत्री पद की शपथ ली। बिहार का इतिहास बेहद सुनहरा रहा है। इसकी जड़ें वैदिक काल और पूर्व-ऐतिहासिक युग से जुड़ी हुई हैं, लेकिन मुख्य ऐतिहासिक साम्राज्य की नींव छठी शताब्दी ईसा पूर्व (6th Century BCE) में मगध साम्राज्य के उदय के साथ मानी जाती है। यह क्षेत्र बौद्ध धर्म और 24 जैन तीर्थंकरों की कर्मभूमि रही है। आज बिहार न जाने कितनी ही चीजों के लिए फेमस है। ऐसे में बिहार जाकर या बिहार में रहकर कुछ चीजों का लुत्फ उठाना आपके लिए जरूरी हो जाता है। तो ऐसे में आज हम आपको इन्हीं के बारे में बताएंगे।

बिहार की फेमस चीजें क्या हैं?

भाई बिहार अपनी समृद्ध संस्कृति, स्वादिष्ट खानपान और ऐतिहासिक विरासत के लिए पूरे देश में खास पहचान रखता है। तो आइए एक-एक कर इनके बारे में जानते हैं-

बिहार का खान-पान

बिहार के पारंपरिक व्यंजनों में लिट्टी चोखा सबसे लोकप्रिय है, जिसमें सत्तू से भरी लिट्टी के साथ बैंगन और आलू का चोखा परोसा जाता है। इसके अलावा खाजा, खासकर नालंदा के सिलाव क्षेत्र का, अपनी कुरकुरी मिठास के लिए प्रसिद्ध है। ठेकुआ छठ पर्व का प्रमुख प्रसाद माना जाता है, जबकि सत्तू पराठा सेहत और स्वाद दोनों का बेहतरीन मेल है। दही-चूड़ा मकर संक्रांति के अवसर पर खास तौर पर खाया जाता है।

धर्म और इतिहास की जड़ें

धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से भी बिहार अत्यंत महत्वपूर्ण है। महाबोधि मंदिर वह पवित्र स्थान है जहां भगवान बुद्ध को ज्ञान की प्राप्ति हुई थी। नालंदा विश्वविद्यालय प्राचीन काल में शिक्षा का विश्वप्रसिद्ध केंद्र रहा है। गया स्थित विष्णुपद मंदिर पिंडदान के लिए विशेष रूप से जाना जाता है, जबकि पटना साहिब गुरुद्वारा सिख धर्म के प्रमुख तीर्थ स्थलों में से एक है।

बिहार के त्योहार और परंपरा

त्योहारों और परंपराओं की बात करें तो बिहार की पहचान छठ पूजा से जुड़ी हुई है, जिसे अत्यंत श्रद्धा और अनुशासन के साथ मनाया जाता है। सोनपुर मेला एशिया के सबसे बड़े पशु मेलों में गिना जाता है, जबकि मकर संक्रांति के दौरान दही-चूड़ा खाने की परंपरा विशेष महत्व रखती है।

कला और हस्तशिल्प भी है खास

कला और हस्तशिल्प के क्षेत्र में मधुबनी पेंटिंग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है, जो अपनी रंगीन और पारंपरिक शैली के लिए जानी जाती है। वहीं सिक्की कला में घास से सुंदर और उपयोगी वस्तुएं बनाई जाती हैं।

बिहार ने दिए देश को कई महान व्यक्ति

बिहार ने कई महान व्यक्तित्व भी देश को दिए हैं, जिनमें डॉ. राजेंद्र प्रसाद, भारत के प्रथम राष्ट्रपति, चाणक्य, महान अर्थशास्त्री और सम्राट अशोक प्रमुख हैं। कुल मिलाकर, बिहार को बौद्ध और जैन धर्म के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में भी जाना जाता है, और यहां की भाषाएं जैसे भोजपुरी और मैथिली इसकी सांस्कृतिक समृद्धि को और भी खास बनाती हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article