शहर

अमृतसर में ड्रग तस्करी नेटवर्क पर बड़ा वार, 51.5 किलो हेरोइन के साथ दो गिरफ्तार

अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने सीमा पार से हो रही नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन में दो आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई पंजाब को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम है।

Image

जब्त की गई 51.5 किलो हेरोइन (फोटो: ट्विटर - @DGPPunjabPolice)

Photo : Twitter

Amritsar News: अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने सीमा पार से संचालित नशीले पदार्थों की तस्करी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से 51.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद की। यह ऑपरेशन अमृतसर के घरिंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत अंजाम दिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए लोग पाकिस्तान में बैठे अपने संपर्क सूत्रों के इशारे पर काम कर रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, आरोपियों के मोबाइल फोन की बारीकी से जांच करने पर कई संदिग्ध बातचीत के रिकॉर्ड और अहम डिजिटल सबूत मिले हैं, जिससे तस्करी नेटवर्क के व्यापक स्तर पर फैले होने का संकेत मिलता है। इस मामले में घरिंडा थाने में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सबस्टेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े आगे और पीछे के सभी कड़ियों तक पहुंचने के लिए जांच को और तेज कर रही है।

नशीले पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई

गिरफ्तार किए गए आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है, ताकि नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े पूरे गिरोह की परतें खोली जा सकें। इस कामयाबी की जानकारी पंजाब पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से साझा की। पुलिस ने अपने संदेश में कहा कि वह नार्को-आतंकवाद और ड्रग तस्करी से जुड़े नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त करने, राज्य की सुरक्षा को मजबूत रखने और पंजाब को नशामुक्त बनाने के अपने लक्ष्य के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह कार्रवाई पंजाब में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे व्यापक अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत पुलिस लगातार सीमा पार से होने वाली तस्करी पर सख्ती से कार्रवाई कर रही है।

पंजाब में हेरोइन और हथियारों की तस्करी

इस तरह की घटनाएं पंजाब के लिए गंभीर चुनौती बनी हुई हैं, क्योंकि पाकिस्तान की ओर से ड्रोन और अन्य माध्यमों के जरिए हेरोइन और हथियारों की तस्करी की जाती है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस बड़ी बरामदगी से तस्करों को भारी नुकसान पहुंचा है और इससे युवाओं को नशे की लत से दूर रखने में भी मदद मिलेगी। जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी कठोर कदम उठाए जाएंगे। पंजाब पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत आपात नंबर 112 पर दें। राज्य सरकार और पुलिस का साझा उद्देश्य है कि पंजाब को जल्द से जल्द पूरी तरह नशामुक्त बनाया जाए।

(इनपुट - आईएएनएस)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!