शहर

छत्तीसगढ़ में आपात सेवा सिस्टम में बड़ा अपग्रेड, अमित शाह ने 400 डायल 112 वाहनों को दिखाई हरी झंडी

रायपुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को ‘डायल 112’ की 400 नई गाड़ियों को हरी झंडी दिखाई और 33 मोबाइल फॉरेंसिक प्रयोगशालाओं की शुरुआत की। इस पहल से आपात सेवाएं, पुलिस सहायता, महिला सुरक्षा और फॉरेंसिक जांच को मजबूती मिलेगी।

Image

गृह मंत्री अमित शाह (File Photo)

Photo : PTI

Amit Shah Raipur Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को रायपुर में आपात प्रतिक्रिया सेवा ’डायल 112’ की 400 गाड़ियों को हरी झंडी दिखाई और 33 मोबाइल फॉरेंसिक प्रयोगशाला की शुरुआत की। अमित शाह रविवार देर शाम छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचे। इस दौरान वह कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे और बस्तर क्षेत्र में केंद्रीय क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि ’नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112’ प्रदेश में तकनीक आधारित सुशासन की दिशा में एक अभिनव पहल है, जिसके माध्यम से पुलिस सेवा, दमकल सेवा, चिकित्सकीय आपात सहायता, महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन, आपदा प्रबंधन सहायता और राजमार्ग आपात जैसी सेवाओं को एकीकृत मंच पर उपलब्ध कराया जा रहा है। इस उन्नत प्रणाली में केंद्रीकृत ’कमांड एवं कंट्रोल सेंटर’, जीपीएस आधारित आपात प्रतिक्रिया वाहन, जीआईएस आधारित वास्तविक समय में निगरानी जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल हैं।

सभी 33 जिलों में पहुंचेगी आधुनिक आपात सेवा

अधिकारियों ने बताया कि नई व्यवस्था के माध्यम से अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, सड़क दुर्घटना प्रतिक्रिया, चिकित्सकीय सहायता और जन-संकट की परिस्थितियों में और अधिक प्रभावी सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में संचालित ’डायल 112’ सेवा 2018 से अब तक लाखों नागरिकों को आपात परिस्थितियों में सहायता प्रदान कर चुकी है। वर्तमान में इसकी सेवाएं 16 जिलों तक सीमित थी, अब यह प्रदेश के सभी 33 जिलों तक विस्तारित हो जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि देश के तीन नए आपराधिक कानूनों के प्रावधानों के तहत फॉरेंसिक विज्ञान एक बहुत ही महत्वपूर्ण पहलू बन गया है, क्योंकि सात साल से अधिक की सजा वाले अपराधों में फॉरेंसिक जांच अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 33 मोबाइल फॉरेंसिक प्रयोगशाला उपलब्ध होने से अब हर जिले में पूरी तरह से सुसज्जित प्रयोगशाला उपलब्ध होंगी।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article