Almora Road Accident: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में आज सुबह एक बहुत ही दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस रोड एक्सीडेंट में अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टी हुई है। जानकारी के अनुसार, एक निजी यात्री बस द्वाराहाट से भिकियासैण होते हुए रामनगर की ओर आ रही थी। भिकियासैंण पहुंचने से पहले ही करीब 7 किमी पहले सिरकौन गांव के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई।
यह दर्दनाक सड़क हादसा आज यानी मंगलवार 30 दिसंबर को सुबह करीब 8 बजे हुआ। यहां खरगोली और सिरकौन के बीच में एक बड़ा बैंड हैं, जहां पर ड्राइवर ने बस पर से नियंत्रण खो दिया और बस असंतुलित होकर खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस-प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गई और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

गूगल मैप में दिख रहा सर्किल वही स्थान है जहां अल्मोड़ा में हादसा हुआ
घायलों को खाई से निकालकर इलाज के लिए भिकियासैण के अस्पताल भेजा गया है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जानकारी के मुताबिक बस में कुल 18 सवारी मौजूद थीं।
बता दें कि खाई काफी गहरी होने के कारण राहत कार्य में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। अल्मोड़ा के SSP देवेंद्र पिंचा ने कहा, "बचाव टीमों को मौके पर भेज दिया गया है। कुछ लोगों की मौत की खबरें हैं।" पुलिस की टीम अभी मृतकों की शिनाख्त करने और हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटा है।
हादसे को लेकर सीएम ने जताया दुख
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अल्मोड़ा में भीकियासैंण-विनायक मोटर रोड पर भीकियासैंण से रामनगर जा रही बस के हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने प्रशासन ने सभी घायलों को तुरंत सही इलाज देने के निर्देश भी दिए हैं। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वह खुद इस पूरी घटना पर नजर रख रहे हैं और प्रशासनिक अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं।
गंभीर रूप से घायलों को एम्स ऋषिकेश ले जाने की मांग तेज
अल्मोड़ा में हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को एयर लिफ्ट करवाकर बेहतर इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश ले जाने की मांग की जा रही है।
