आगरा

आगरा में गायब हो गया ताजमहल, व्यू प्वाइंट पर जाकर निराश लौट रहे लोग

उत्तर भारत और विशेषतौर पर उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में आज कोहरे की मोटी चादर बिछी हुई है। कई जगहों पर विजिब्लिटी 50 मीटर से भी कम हो गई है। ऐसा ही कुछ आगरा में भी हुआ है। ताजमहल व्यू प्वाइंट से आज ताजमहल नजर ही नहीं आ रहा, गायब हो गया है।

Image

धुंध में गायब हुआ ताजमहल

Photo : Twitter

जी हां, आपने बिल्कुल सही पढ़ा। आगरा का ताजमहल गायब हो गया है। घबराने की जरूरत नहीं है, इसे कोई चुरा नहीं ले गया और न ही ताजमहल के साथ कुछ अनहोनी हुई है। बल्कि आज यानी बुधवार 8 जनवरी 2025 को आगरा में कोहरे की इतनी घनी चादर बिछी है कि ताजमहल नजर नहीं आ रहा।

उत्तर भारत में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कोहरे की चादर इस ठंड में लोगों को और भी ज्यादा ठिठुरने के लिए मजबूर कर रही है। तापमान लगातार गोते लगा रहा है और शून्य की ओर अग्रसर है। मौसम विभाग ने पहले ही आज के लिए घने कोहरे की चेतावनी दे चुका है।

मौसम विभाग ने मंगलवार 7 जनवरी को ही अपेडट जारी किया था कि समूचे उत्तर प्रदेश में 8 से 10 जनवरी तक सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार ही आज सुबह से ही आगरा सहित कई शहरों में घना कोहरा छाया हुआ है।

आगरा में यमुना के दूसरे छोर पर आगरा डेवलपमेंट अथॉरिटी (ADA) ताजमहल को देखने के लिए एक व्यू प्वाइंट बनाया गया है, लेकिन वहां से ताजमहल नजर नहीं आ रहा। सिर्फ कोहरे की मोटी चादर ही दिख रही है। इस तरह से ताजमहल गायब हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि कल तक ताजमहल दिख रहा था, लेकिन आज बिल्कुल भी नजर नहीं आ रहा। बता दें कि मौसम विभाग ने पहले ही भविष्यवाणी कर दी थी कि 8-10 जनवरी तक सुबह और रात के समय कोहरे के कारण विजिब्लिटी 50 मीटर से कम रह सकती है।

देश की राजधानी दिल्ली में भी आज सुबह कोहरे की घनी चादर देखने को मिली। दिल्ली का मशहूर अक्षरधाम मंदिर इस कोहरी की घनी चादर में गायब हो गया। हवा के साथ ठंड का प्रकोप दिल्ली और पूरे एनसीआर क्षेत्र के लोगों को परेशान कर रहा है।

आज दिल्ली में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो पालम क्षेत्र में रहा। दिल्ली के आयानगर में 6.2, रिज एरिया में 6.8, लोधी रोड और सफदरजंग में 7.4 डिग्री सेल्सियस रहा तापमान। मौसम विभाग ने 8 से 10 जनवरी तक पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी कोहरे की चेतावनी दी है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article