Mathura Road Accident: उत्तर प्रदेश के मथुरा में गुरुवार को तड़के एक सड़क हादसे हो गया। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है, चार अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि मृतकों में 2 बच्चियां भी हैं। सभी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पिकअप ट्रक की बिजली की खंभे से टक्कर
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना कोसीकलां थाना क्षेत्र के कोसी शेरगढ़ रोड पर नगरिया सतबीसा के पास हुई। यहां मजदूरों को ले जा रहा पिकअप ट्रक बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर में खंभे की बिजली की तार टूट गई और इससे बचने के लिए मजदूर वाहन से कूदने लगे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शैलेश कुमार पांडे ने बताया कि इस बीच चालक ने वाहन को पीछे मोड़ दिया जिससे सभी लोग वाहन की चपेट में आ गए। चार लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।
पुलिस ने मृतकों की पहचान गौरी देवी (35) तथा उसकी बेटी कोमल (दो) और कुंती देवी (28) तथा उसकी बेटी प्रियंका (दो) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि घायलों को पहले कोसीकलां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन बाद उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसने बताया कि ये सभी बिहार के रहने वाले थे और ईंट भट्टे पर काम करने के लिए हरियाणा के पलवल जिले के होडल जा रहे थे। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
(इनपुट- भाषा)
