आगरा

Agra News: आगरा पुलिस के हाथ लगी बड़ी कामयाबी, अवैध धर्मांतरण गिरोह का गैंग लीडर गिरफ्तार

Agra News: यूपी के आगरा जिले में पुलिस ने अवैध धर्मांतरण कराने वाले गिरोह के सरगना को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने अभी तक कुल 11 लोगों को देश के अलग-अलग 6 राज्यों से गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले को लेकर विधिक कार्रवाई कर रही है।

Image

आगरा में अवैध धर्मांतरण करने वाले गिरोह का गैंग लीडर गिरफ्तार (फोटो - iStock)

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा में पुलिस ने बड़े पैमाने पर अवैध धर्मांतरण कराने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करने के तीन दिनों के भीतर मामले से जुड़े एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को गिरोह का सरगना यानी गैंग लीडर बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अब्दुल रहमान के रूप में हुई है। पुलिस ने इससे पहले शनिवार को गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए छह राज्यों से 10 लोगों को गिरफ्तार करने का दावा किया था। इस मामले में अब एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

अवैध धर्मांतरण करवाने वाले गिरोह का गैंग लीडर गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि अवैध धर्मांतरण के मामले के संबंध में पकड़ा गया 11 वां आरोपी अब्दुल रहमान मूल रूप से फिरोजाबाद का रहने वाला है और उसे दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। आगरा के पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने बताया, "पकड़ा गया आरोपी अब्दुल रहमान अवैध धर्मांतरण गिरोह का सरगना (गैंग लीडर) है। गिरोह में शामिल लोग उसे रहमान चचा के नाम से बुलाते हैं।" कुमार ने बताया, "अब्दुल रहमान ने 1990 में धर्म परिवर्तन किया था और उसके बाद दिल्ली चला गया। अब्दुल से पहले गिरोह का सरगना कलीम सिद्दीकी था। 2021 में राज्य पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने कलीम सिद्दीकी को गिरफ्तार किया था और 2024 में उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गयी।"

देश के विभिन्न राज्यों के गिरफ्तार किए गए आरोपी

पुलिस आयुक्त ने बताया कि कलीम सिद्दीकी के जेल जाने के बाद अब्दुल रहमान ने धर्म परिवर्तन कराने की कमान संभाली। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अब्दुल रहमान के पास से धर्मांतरण से जुड़ा धार्मिक साहित्य बड़ी मात्रा में बरामद किया। अधिकारी ने बताया, "अब्दुल रहमान को अदालत से पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।" पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने शनिवार को लखनऊ में संवाददाताओं को बताया था, "इस गिरोह में संलिप्त 10 व्यक्तियों को उत्तर प्रदेश समेत देश के छह राज्यों से गिरफ्तार किया गया।" आगरा पुलिस ने इस मामले में पश्चिम बंगाल से दो, गोवा से एक, उत्तराखंड से एक, दिल्ली से एक, राजस्थान से तीन और उत्तर प्रदेश से दो लोगों को गिरफ्तार किया था।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article