Agra Weather Update: आगरा में नए साल के पहले ही दिन मौसम ने तीखे तेवर दिखाए। दूसरे दिन भी गलन भरी ठंड होने के कारण लोग घरों में ही दुबके रहे। कई जगह ठंड से बचाव के लिए लोग आग का सहारा लेते हुए दिखाई दिए। मौसम विभाग के अनुसार दो जनवरी यानी आज से न्यूनतम तापमान में फिर से गिरावट दर्ज होगी। तीन जनवरी तक तापमान चार डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं। गिरावट का यह दौर छह जनवरी तक जारी रहेगा। छह जनवरी तक शीतलहर चलने और सर्द दिन रहने का येलो अलर्ट भी मौसम विभाग की तरफ से जारी किया गया है। इसके अलावा कोहरे ने भी कहर बरपाया। कोहरे के कारण वाहन चालकों को वाहन चलाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इससे पहले भी रविवार रात में कोहरे की वजह से विजिबिलिटी काफी कम हो गई थी, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई।
नए साल के पहले दिन यानी रविवार को सर्दी में एक बार फिर से बढ़ोतरी हुई। धूप नहीं निकले से ठंड से राहत नहीं मिली। तापमान में कई डिग्री गिरावट दर्ज की गई। ऐसे ही रात का पारा भी तीन डिग्री कम हुआ है। शाम को ही शहर को कोहरे ने घेर लिया। इसके साथ ही बर्फीली हवाओं का सितम भी झेलना पड़ा।
