Agra Metro Inauguration: आगरावासियों के लिए अच्छी खबर है। उन्हें आज मेट्रो की सौगात मिली है। पीएम मोदी ने आज आगरा मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना किया। उन्होंने कोलकाता से वर्चुअली इस मेट्रो का उद्घाटन किया। इस उद्घाटन कार्यक्रम के लिए सीएम योगी भी आगरा आए हुए हैं। आगरा मेट्रो के फर्स्ट फेज में 6 किमी तक मेट्रो का संचालन हो रहा है। इस कॉरिडोर में 6 स्टेशनों को बनाया गया है। इसमें ताज पूर्वी गेट, कैप्टन शुमभ गुप्ता स्टेशन, फेतहाबाद रोड, ताजमहल, आगरा फोर्ट और मनकामेश्वर मंदिर मेट्रो स्टेशन हैं।
यूपी की तीसरी मेट्रो
उत्तर प्रदेश को आज तीसरी मेट्रो मिल गई है। लखनऊ और कानपुर के बाद अब आगरा में भी मेट्रो का संचालन शुरू हो रहा है। आज कोलकाता से पीएम मोदी ने इसका उद्घाटन किया। पीएम मोदी द्वारा ट्रेन के उद्घाटन के बाद सीएम योगी ने इसमें यात्रा की। आगरा मेट्रो का शिलान्यास 7 दिसंबर 2020 को पीएम मोदी ने वर्चुअली ही किया था। इस परियोजना का पहला चरण पूरा हो चुका है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन को इस कार्य में 39 महीने का समय लगा है।
कैसे मिलेगी मेट्रो की टिकट
आगरा मेट्रो 90 किमी की रफ्तार से पटरियों पर दौड़ेगी। स्टेशन के अंदर निगरानी का कार्य AI के माध्यम से होगा। आगरा मेट्रो में टिकट खरीदने के लिए टिकट विंडो और ऑनलाइन टिकट दोनों की ही सुविधा यात्रियों के लिए है। उन्हें क्यूआर कोड के रूप में टिकट मिलेगा। इसके अलावा आगरा मेट्रो एप से भी यात्री टिकट की बुकिंग कर सकते हैं।
