उत्तर प्रदेश में हाल ही में धर्मांतरण का रैकेट चलाने वाले छांगुर की गिरफ्तारी हुई है। आगरा शहर में धर्मांतरण के एक मामले में आरोपी रहमान कुरैशी को गिरफ्तार किया गया है। रहमान कुरैशी के पाकिस्तान से संबंध हो सकते हैं। पुलिस जांच में रहमान के लैपटॉप से कई अहम सुबूत मिले हैं, जिसमें विदेशी करेंसी और क्रिप्टोकरेंसी में भुगतान के सुबूत शामिल हैं।
आगरा का निवासी रहमान कुरैशी एक यू-ट्यूब चैनल चलाता है, जिसमें उसके 1.59 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। रहमान विदेशी लोगों के वीडियो भी अपलोड करता है और वह डार्क वेब का भी इस्तेमाल करता है। पुलिस ने इस बात का भी खुलासा किया है कि रहमान ने आगरा के एक संस्थान से फर्जी प्रमाण पत्र भी बनवाए थे, जिसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक रहमान का ्सली नाम महेंद्र पाल जादौन उर्फ पप्पू था, जो पहले हिंदू था लेकिन 1990 में उसने इसाई धर्म अपना लिया। बाद में एक बार फिर धर्म परिवर्तन करके उसने इस्लाम अपना लिया। उसकी पत्नी और दोनों बेटों की पत्नियां भी पहले हिंदू ही थीं, जो बाद में मुस्लिम बन गए।
पुलिस अब रहमान से पूछताछ कर रही है और उसकी पिछले एक साल की कॉल डिटेल्स की जांच की जा रही है। यही नहीं, उसके लैपटॉप और मोबाइल को भी फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। इसके अलावा गूगल मैप से उसकी पिछले कुछ महीनों की गतिविधियों का भी पता लगाया जा रहा है।
