शहर

20 साल की लड़की बनना चाहती है जैन साध्वी, माता-पिता विरोध में, हाई कोर्ट ने सब कुछ कर दिया साफ

Indore Jain Saadhvi News: युवती के वकील ने अदालत में कहा कि उसकी मुवक्किल ने श्वेतांबर जैन धर्म का पालन करने और दीक्षा लेकर साध्वी के रूप में धार्मिक मार्ग पर चलने का फैसला किया है, लेकिन उसके माता-पिता और रिश्तेदार उसके निर्णय का विरोध करते हुए उसे परेशान कर रहे हैं।

Image

जैन साध्वी बनने की राह खुली (AI Image)

Indore Jain Saadhvi News: मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय ने सांसारिक जीवन त्याग कर जैन साध्वी बनने की इच्छुक 20 वर्षीय युवती को राहत देते हुए कहा है कि एक वयस्क नागरिक के तौर पर वह अपनी जिंदगी के फैसले लेने और अपनी इच्छा के अनुसार धर्म का पालन करने के लिए स्वतंत्र है। इंदौर पीठ के न्यायमूर्ति संदीप एन. भट्ट ने सात सितंबर को युवती की रिट याचिका का निपटारा करते हुए यह टिप्पणी की। इस फैसले से महिला के जैन साध्वी बनने का रास्ता साफ हो गया है।

श्वेतांबर जैन धर्म का पालन करने का फैसला

युवती के वकील ने अदालत में कहा कि उसकी मुवक्किल ने श्वेतांबर जैन धर्म का पालन करने और दीक्षा लेकर साध्वी के रूप में धार्मिक मार्ग पर चलने का फैसला किया है, लेकिन उसके माता-पिता और रिश्तेदार उसके निर्णय का विरोध करते हुए उसे परेशान कर रहे हैं। याचिका में युवती ने तत्काल पुलिस सुरक्षा दिए जाने का अनुरोध किया था। एकल पीठ ने दलीलों पर विचार के बाद अपने आदेश में कहा कि 20 वर्षीय याचिकाकर्ता भारत की नागरिक है और अपनी इच्छा के अनुसार धर्म का पालन करने तथा अपनी मर्जी के मुताबिक जीवन जीने की हकदार है।

संन्यास की इच्छा का सम्मान

उच्च न्यायालय ने यह भी कहा कि बेटी से लगाव के कारण संन्यास की उसकी इच्छा को लेकर माता-पिता के जायज प्रतिरोध के प्रति उसे सहानुभूति है। अदालत ने युवती से कहा कि यदि माता-पिता या कोई अन्य व्यक्ति उसके खिलाफ दबाव वाले हथकंडे अपनाता है, तो वह मदद के लिए संबंधित पुलिस थाने या अधिकारी के पास आवेदन कर सकती है।

अदालत के फैसले का करना होगा पालन

एकल पीठ ने निर्देश दिया कि यदि युवती की ओर से ऐसा आवेदन दाखिल किया जाता है, तो सक्षम प्राधिकारी या थाना प्रभारी मामले को देखेगा और उच्चतम न्यायालय के संबंधित फैसले में दिए गए निर्देशों के अनुसार तत्काल कार्रवाई करेगा।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article