पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को कहा कि पंजाब में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम हटाने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राज्यों में मतदाता सूचियों में गड़बड़ी और फर्जी वोट जोड़ने की शिकायतें सामने आई हैं, लेकिन पंजाब में ऐसी किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता राज्य के हर बूथ पर बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के साथ मौजूद रहेंगे, ताकि पूरे सत्यापन अभियान की निगरानी की जा सके और किसी भी तरह की अनियमितता को रोका जा सके।
ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ होंगे चुनाव
मीडिया से बातचीत में भगवंत मान ने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण पूरी पारदर्शिता, ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ होना चाहिए, ताकि हर पात्र मतदाता बिना किसी डर और बाधा के अपने लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल कर सके। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी इस प्रक्रिया में सक्रिय रूप से शामिल रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के कई राज्यों से लाखों वास्तविक वोट हटाए जाने और सत्यापन प्रक्रिया में गड़बड़ी की शिकायतें आई हैं, जिससे लोगों में चिंता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत रह सकता है जब लोगों का चुनावी प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा बना रहे। भगवंत मान ने स्पष्ट किया कि जो लोग स्थायी रूप से विदेश जाकर दूसरे देशों की नागरिकता ले चुके हैं या जिनकी मृत्यु हो चुकी है, उनके नाम मतदाता सूची से हटना स्वाभाविक है। लेकिन पंजाब के किसी भी वास्तविक निवासी को मतदान अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी बताया कि पंजाब में अब तक करीब 83 प्रतिशत वोटर मैपिंग का काम पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे सत्यापन प्रक्रिया में सक्रिय रूप से हिस्सा लें और अपने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करें
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
