शहर

“रोजगार दो–सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा का तीसरा दिन, संजय सिंह ने साधा प्रदेश सरकार की नीतियों पर निशाना

उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी और सामाजिक न्याय के मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी की पदयात्रा को जनता का लगातार समर्थन मिल रहा है। संजय सिंह के नेतृत्व में यह यात्रा आगरा से हाथरस तक पहुंचते हुए लोगों की आवाज बनती नजर आई। इस दौरान रोजगार, कानून-व्यवस्था और सरकारी नीतियों को लेकर सरकार पर तीखे सवाल भी उठाए गए।

Image

‘रोजगार दो सामाजिक न्याय’ पदयात्रा के दौरान संजय सिंह

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

AAP Rojgar Do Samajik Nyay March UP: उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी और सामाजिक न्याय के मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी की “रोजगार दो–सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा निकाली है। रविवार को यात्रा के तीसरे दिन राज्यसभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में यह अभियान आगरा के खंदौली क्षेत्र से शुरू होकर हाथरस जनपद में प्रवेश करता हुआ सादाबाद पहुंचा, जहां दोपहर में विश्राम के बाद शाम तक यात्रा आगे बढ़ी। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने संजय सिंह का स्वागत किया। बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और पेशेवर वर्ग के लोग इस पदयात्रा से जुड़े। शिक्षामित्र, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कर्मी और रेहड़ी-पटरी से जुड़े लोगों ने भी अपनी समस्याएं सीधे नेताओं के सामने रखीं।

संजय सिंह ने साधा प्रदेश सरकार पर निशाना

इस दौरान संजय सिंह ने राज्य में बढ़ती बेरोजगारी को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने मनरेगा में रोजगार के अवसरों में कमी, भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और परीक्षाओं के रद्द होने जैसे मुद्दों को उठाते हुए कहा कि प्रदेश की रोजगार व्यवस्था गंभीर संकट में है। उनके मुताबिक, हाल के वर्षों में मनरेगा के तहत 100 दिन का रोजगार पाने वाले परिवारों की संख्या में भारी गिरावट आई है, जो सरकारी नीतियों की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि बड़ी संख्या में आवेदन आने के बावजूद बेहद कम नौकरियां दी जा रही हैं, जिससे युवाओं में निराशा बढ़ रही है। भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया।

केंद्र सरकार की नीतियों पर भी उठाए सवाल

सामाजिक न्याय के मुद्दे पर भी उन्होंने प्रदेश में महिलाओं, दलितों और युवाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर चिंता जताई। हाथरस सहित कई जिलों में हुई घटनाओं का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि यह केवल अलग-अलग घटनाएं नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था और व्यवस्था की व्यापक विफलता का संकेत हैं। संजय सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सभी वर्गों के प्रति समान जिम्मेदारी निभाने की बात कही। इसके अलावा उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाते हुए महंगाई, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति और आर्थिक मुद्दों को लेकर आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है।

संजय सिंह ने दी यह चेतावनी

संजय सिंह ने चेतावनी दी कि यदि युवाओं को जल्द रोजगार उपलब्ध नहीं कराया गया, तो बेरोजगारी भत्ता देने की व्यवस्था की जानी चाहिए। अन्यथा आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को लेकर अपना आंदोलन और तेज करेगी। इस मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेता दिलीप पाण्डेय ने कहा कि यह पदयात्रा अब एक बड़े जनआंदोलन का रूप ले रही है और जनता का समर्थन इस बात का संकेत है कि प्रदेश में बदलाव की मांग तेज हो रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में यह अभियान सरकार को जवाबदेह बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। यात्रा के दौरान पार्टी के कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे, जिन्होंने विभिन्न स्थानों पर लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और आंदोलन को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article