LIVE

शहरों के मुख्य समाचार, 5 जून 2024 Highlights: अमृतसर में मादक पदार्थों के दो संदिग्ध तस्कर गिरफ्तार, दिल्ली के लाजपत नगर में आई हॉस्पिटल में लगी आग

Pooja KumariUpdated Jun 5, 2024, 20:57 IST
Follow on Google News
शहरों के मुख्य समाचार, 5 जून 2024 Highlights: अमृतसर में मादक पदार्थों के दो संदिग्ध तस्कर गिरफ्तार, दिल्ली के लाजपत नगर में आई हॉस्पिटल में लगी आग

शहरों के मुख्य समाचार, 5 जून 2024 Highlights: अमृतसर में मादक पदार्थों के दो संदिग्ध तस्कर गिरफ्तार, दिल्ली के लाजपत नगर में आई हॉस्पिटल में लगी आग

शहरों के मुख्य समाचार, आज के ताजा समाचार 5 जून 2024 Highlights: दिल्ली के लाजपत नगर में आंखों के एक अस्पताल में आग लग गई, उत्‍तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीट पर विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' ने 43 सीट पर जीत दर्ज की, इंदौर में देश में पहली बार नोटा को 2 लाख, 18 हजार, 674 वोट मिले हैं। अब तक देश में यह रिकॉर्ड बिहार की गोपालगंज सीट के पास था। इनके अलावा राज्‍यों के प्रमुख समाचार ये हैं :

JUN 05, 2024 20:38 IST

आगरा में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला युवक का शव

उत्तर प्रदेश के आगरा में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, आगरा के कमलानगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुगल रोड के पास एक नाले से युवक का शव बरामद किया गया।
JUN 05, 2024 20:15 IST

वैष्णो देवी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में मिलेंगे पौधे

जम्मू-कश्मीर के प्रमुख तीर्थस्थल माता वैष्णो देवी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को अब प्रसाद के रूप में पौधा मिलेगा। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (एसएमवीडीएसबी) ने बुधवार को यह जानकारी दी।
JUN 05, 2024 19:09 IST

अमृतसर में मादक पदार्थों के दो संदिग्ध तस्कर गिरफ्तार

अमृतसर में तलाशी अभियान के दौरान मादक पदार्थों के दो संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार किया गया और उनसे करीब दो करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए।
JUN 05, 2024 17:25 IST

बलिया में चार साल पुराने मर्डर केस में पांच लोग दोषी करार

बलिया की एक अदालत ने चार साल पुराने मर्डर केस में पांच लोगों को सजा सुनाई। अदालत ने पांचों दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है।
JUN 05, 2024 15:40 IST

पंजाब में करीब 67 हजार मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना

लोकसभा चुनाव के दौरान पंजाब में करीब 67 हजार मतदाताओं ने नोटा (इनमें से कोई नहीं) का विकल्प चुना, जबकि कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 13 में से सात सीट पर जीत दर्ज की है।
JUN 05, 2024 14:23 IST

गुजरात के कच्छ तट से 130 करोड़ रुपये की कोकीन जब्त

गुजरात के कच्छ जिले में गांधीधाम शहर के पास एक खाड़ी क्षेत्र से कोकीन के 13 लावारिस पैकेट बरामद किए गए, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 130 करोड़ रुपये है। कच्छ-पूर्व प्रभाग के पुलिस अधीक्षक सागर बागमार ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि तस्करों ने पकड़े जाने से बचने के लिए मादक पदार्थ को समुद्र के किनारे छिपा दिया था। उन्होंने बताया कि आठ महीने में उसी खाड़ी क्षेत्र से यह मादक पदार्थ की दूसरी बड़ी बरामदगी है। उन्होंने कहा, ‘‘आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) और विशेष अभियान समूह की एक संयुक्त टीम ने गांधीधाम शहर के पास मीठी रोहर गांव से गुजरने वाले क्रीक क्षेत्र से 130 करोड़ रुपये मूल्य के कोकीन के 13 लावारिस पैकेट बरामद किए।'
JUN 05, 2024 14:22 IST

जबलपुर में रेलवे कर्मचारी ने पत्नी और दो बेटियों के साथ की आत्महत्या

मध्य प्रदेश के जबलपुर में बुधवार को एक रेलवे कर्मचारी ने अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ ट्रेन से कट कर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या की वजह का खुलासा नहीं हो पाया है और चारों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नरेंद्र चढ़ार रेलवे में ग्रुप डी के कर्मचारी थे। उन्होंने बुधवार को अपनी पत्नी रीना चढ़ार और छह साल तथा तीन माह की बेटी के साथ एक ट्रेन के आगे कूद कर आत्महत्या कर ली। यह घटना भेड़ाघाट क्षेत्र में हुई है।
JUN 05, 2024 13:17 IST

नीतीश, तेजस्वी एक ही उड़ान से दिल्ली के लिए रवाना हुए

बिहार के मुख्यमंत्री एवं जद (यू) अध्यक्ष नीतीश कुमार और राजद नेता तेजस्वी यादव आज दिन में राष्ट्रीय राजधानी में होने वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (‘इंडिया’) की बैठक में हिस्सा लेने के लिए एक ही उड़ान से नयी दिल्ली रवाना हुए। नीतीश बुधवार की सुबह दिल्ली के लिए रवाना हो गए। उनकी पार्टी ने राज्य की 40 में से 12 लोकसभा सीटें जीतीं। जिस उड़ान से नीतीश ने दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं, उसमें उनकी सीट के ठीक पीछे ही तेजस्वी बैठे हुए दिखे।
JUN 05, 2024 13:14 IST

दिल्ली के लाजपत नगर में आंखों के एक अस्पताल में आग लगी

JUN 05, 2024 11:53 IST

JK: नौशेरा के जंगलों में लगी आग को बुझाने की कोशिश जारी

JUN 05, 2024 11:06 IST

मुंबई: मानव तस्करी के आरोपियों को एनआईए हिरासत में भेजने से अदालत का इनकार

मुंबई की एक विशेष अदालत ने मानव तस्करी गिरोह में कथित संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किए गए दो लोगों को राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की हिरासत में भेजने से इनकार कर दिया है। मामला भारतीयों को उच्च वेतन वाली नौकरियों का प्रलोभन देकर विदेश भेजने का है। हालांकि, मंगलवार को पारित आदेश में विशेष न्यायाधीश ए के लाहोटी ने कहा कि आरोपी जेरी फिलिप्स जैकब और गोडाफी अल्वारेज जब तक न्यायिक हिरासत में हैं एनआईए उनसे पूछताछ कर सकती है। एनआईए ने कहा है कि कुछ भारतीयों को थाईलैंड और कंबोडिया जैसे देशों में भेजा गया था जहां उन्हें प्रताड़ित किया गया और गुलामी के काम में धकेल दिया गया। इनमें ज्यादातर 20-45 आयु वर्ग के पुरुष थे। जैकब और अल्वारेज को मुंबई पुलिस ने मार्च में भारतीयों को थाईलैंड भेजने के आरोप में गिरफ्तार किया था, जहां उन्हें बेहद खराब परिस्थितियों में बंधक बनाकर रखा गया था।
JUN 05, 2024 10:03 IST

गौतमबुद्धनगर सीट पर डॉ. महेश शर्मा सर्वाधिक मतों से जीते

उत्तर प्रदेश में मंगलवार को घोषित लोकसभा चुनाव परिणामों में गौतमबुद्धनगर लोकसभा सीट से डॉ. महेश शर्मा सर्वाधिक मतों से चुनाव जीते। वहीं हमीरपुर लोकसभा सीट पर अजेन्द्र लोधी सबसे कम मतों के अंतर से चुनाव जीते। उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीट पर मंगलवार देर रात चुनाव परिणाम घोषित कर दिये गये, जिसमें सर्वाधिक मतों से चुनाव जीतने वाले गौतम बुद्ध नगर की भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा है जबकि सबसे कम मतों से चुनाव जीतने वाले हमीरपुर लोकसभा के समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार लोधी है। निर्वाचन आयोग के मुताबिक, गौतमबुद्धनगर में भाजपा के डॉ. महेश शर्मा को 8,57,829 मत मिले जबकि उनके प्रतिद्वंदी सपा के डॉ. महेंद्र सिंह नागर को 2,98,357 मत मिले। भाजपा के डॉ शर्मा ने 5,59,472 मतों के अंतर से यह चुनाव जीता।
JUN 05, 2024 07:59 IST

जौनपुर में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया इनामी बदमाश

जौनपुर में बीती रात को थाना क्षेत्र खेतासराय में बदमाशों के साथ पुलिस मुठभेड़ में एक लाख के इनामी अपराधी प्रशांत सिंह उर्फ प्रिंस निवासी ईश्वरी नेवाडा की मृत्यु हुई। प्रशांत सिंह उर्फ प्रिंस पर₹100000 का इनाम घोषित था। वर्तमान में वर्तमान में अभियुक्त प्रिंस पिछले 7 साल से ज्यादा समय से वांछित चल रहा था।
JUN 05, 2024 07:04 IST

महाराष्ट्र में भाजपा को झटका, विपक्षी गठबंधन ने 27 लोकसभा सीट जीतीं

महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को लोकसभा चुनावों में झटका लगा है, जहां 2019 के मुकाबले उसकी सीट की संख्या लगभग आधी रह गई है, जबकि कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और राकांपा (शरदचंद्र पवार) की विपक्षी महा विकास अघाडी ने 48 में से 27 सीट जीती हैं। मतगणना के नतीजों और ताजा रुझानों के अनुसार, राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाला राजग महाराष्ट्र में 45 से अधिक सीट जीतने के अपने लक्ष्य से काफी पीछे रह गया है। मंगलवार देर शाम तक भाजपा ने पांच सीट जीत ली थीं और पांच अन्य पर आगे चल रही थी। उसकी सहयोगी शिवसेना पांच सीट जीत चुकी हैं और दो सीट पर आगे चल रही है। अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा को केवल एक सीट से संतोष करना पड़ा है और उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार बारामती में शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले से चुनाव हार गयी हैं।
JUN 05, 2024 05:53 IST

यूपी में सपा और कांग्रेस ने जीतीं 80 में से 43 लोकसभा सीटें

उत्‍तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीट पर विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' ने 43 सीट पर जीत दर्ज की। भारत निर्वाचन आयोग के मुताबिक, उप्र की 80 लोकसभा सीट पर चुनाव परिणाम घोषित कर दिये गये, जिसमें समाजवादी पार्टी को 37 और कांग्रेस को छह सीट पर जीत हासिल हुई है। वहीं दूसरी तरफ भाजपा को 33 और उसके सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) को दो और अपना दल (सोनेलाल) को एक सीट पर जीत हासिल हुई है।
JUN 05, 2024 05:53 IST

इंदौर में नोटा को मिले 2 लाख वोट

देश में पहली बार नोटा को 2 लाख, 18 हजार, 674 वोट मिले हैं। अब तक देश में यह रिकॉर्ड बिहार की गोपालगंज सीट के पास था। जिसे 2019 में देश में सबसे ज्यादा 51 हजार, 600 वोट मिले थे।
JUN 05, 2024 05:52 IST

बिहार में राजग का पलड़ा भारी

बिहार की 40 लोकसभा सीट में से तीन-चौथाई सीट पर जीत हासिल कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने प्रदेश पर अपनी पकड़ बनाए रखी। लेकिन महागठबंधन भी अपनी स्थिति में सुधार कर नौ सीट पर जीत हासिल करने में कामयाब रहा।भाजपा और जनता दल यूनाइटेड को 12-12 सीट जबकि चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने पांच सीट पर जीत हासिल की। पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रमुख जीतन राम मांझी ने गया से चुनाव जीता।
JUN 05, 2024 05:52 IST

छत्तीसगढ़ में भाजपा ने 10 लोकसभा सीट पर जीत हासिल की

छत्तीसगढ़ में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस से बस्तर सीट छीनते हुए राज्य की सभी पांच आरक्षित लोकसभा सीट पर जीत हासिल की। राज्य की कुल 11 लोकसभा सीट में से बस्तर, कांकेर, रायगढ़ और सरगुजा अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के लिए तथा जांजगीर-चांपा अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के लिए सुरक्षित है। राज्य में भाजपा ने 11 में से 10 सीट पर जीत हासिल की। वहीं कांग्रेस अपनी कोरबा लोकसभा सीट बचाने में सफल रही।
JUN 05, 2024 05:52 IST

यूपी में विधानसभा उपचुनाव में भाजपा और सपा ने दो-दो सीट पर जीत दर्ज की

उत्तर प्रदेश में विधानसभा की चार सीट पर हुए उपचुनावों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दो और समाजवादी पार्टी (सपा) ने भी दो सीट पर जीत हासिल की है। निर्वाचन आयोग के मुताबिक, लखनऊ पूर्व से भाजपा के ओपी श्रीवास्तव अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के मुकेश कुमार से 53887 मतों के अंतर से चुनाव जीत गये। शाहजहांपुर जिले के ददरौल विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के अरविंद कुमार सिंह ने सपा के अवधेश कुमार वर्मा को 16,795 मतों के अंतर से पराजित किया। बलरामपुर जिले के गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र में सपा के राकेश कुमार यादव ने भाजपा के शैलेश कुमार सिंह 'शैलू' को 9437 मतों के अंतर से पराजित किया। सोनभद्र जिले के दुद्धी में सपा के विजय सिंह ने भाजपा के सरवन कुमार को 3208 मतों के अंतर से पराजित किया।