शहर

Palghar: मां का आशीर्वाद लेकर छात्रा ने लगाई मैराथन में दौड़, मिला थर्ड प्राइज; अचानक हुई मौत!

महाराष्ट्र के पालघर जिले के तलसारी क्षेत्र में एक स्कूल की मैराथन प्रतियोगिता के दौरान 15 वर्षीय छात्रा की अचानक मौत ने सभी को स्तब्ध कर दिया। दौड़ पूरी करने के बाद उसे सांस लेने में तकलीफ हुई और वह बेहोश हो गई। प्राथमिक जांच में संकेत मिले हैं कि छात्रा को संभवतः दिल का दौरा पड़ा था।

Image

पालघर: मैराथन के बाद 15 साल की छात्रा की संदिग्ध हार्ट अटैक से मौत (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Palghar News: महाराष्ट्र के पालघर जिले के तलसारी क्षेत्र में एक स्कूल में आयोजित मैराथन प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल करने के तुरंत बाद 15 वर्षीय छात्रा का कथित रूप से दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। अधिकारियों ने रविवार को इस घटना की जानकारी दी। बताया गया कि यह घटना शनिवार को उस समय हुई जब वेलजी स्थित स्कूल में खेल दिवस मनाया जा रहा था।

अधिकारियों के अनुसार, उंबरगांव की रहने वाली 10वीं कक्षा की छात्रा ने मैराथन में तीसरा स्थान हासिल किया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दौड़ पूरी करने के बाद उसे सांस लेने में कठिनाई होने लगी, और वह जमीन पर बैठ गई, फिर बेहोश हो गई। स्कूल के प्रधानाचार्य राकेश शर्मा ने कहा कि शिक्षकों ने उसे प्राथमिक उपचार देने की कोशिश की। इसके बाद स्कूल के स्टाफ ने उसे निजी वाहन से नजदीकी अस्पताल ले जाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मां का आशीर्वाद लेकर गई थी छात्रा

प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि छात्रा को संभवतः दिल का दौरा पड़ा था। छात्रा की मां, सुनीताबेन गोस्वामी ने बताया कि उनकी बेटी का दिन सामान्य रूप से शुरू हुआ था। वह समय पर उठी, पूरा नाश्ता किया और स्कूल के लिए टिफिन पैक करके निकली। उन्होंने कहा, “मेरी बेटी मैराथन दौड़ में भाग लेने से पहले आशीर्वाद लेने मेरे पैर छूकर गई थी। दोपहर में हमें उसकी मृत्यु की दुखद खबर मिली।”

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घोलवाड पुलिस थाना के एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना को आकस्मिक मृत्यु के रूप में दर्ज किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के समय कुछ पुलिसकर्मी मौजूद थे। जांच के दौरान उनसे पूछताछ की जाएगी और मृत्यु के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इस बीच, कुछ स्थानीय शिक्षा कार्यकर्ताओं ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि इस तरह के “अत्यधिक शारीरिक मेहनत वाले” खेल अक्सर गर्म मौसम में आयोजित किए जाते हैं, जबकि मौके पर पेशेवर प्राथमिक चिकित्सा, डॉक्टर या एम्बुलेंस जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं होतीं।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article