बिजनेस

क्रूड ऑयल, डीजल, ATF पर बढ़ गया विंडफॉल टैक्स, जानिए कितनी हुई पेट्रोल-डीजल की कीमत

  • Authored by: डिंपल अलावाधी
  • Updated Jan 3, 2023, 10:45 AM IST

Petrol and Diesel Price Today (आज का डीजल-पेट्रोल का रेट), 03 January 2023: सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, पेट्रोल पर विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क अब भी 'शून्य' ही है।

Image

Petrol-Diesel Rate Today: क्रूड ऑयल, डीजल, ATF पर बढ़ गया विंडफॉल टैक्स

Photo : iStock

Petrol-Diesel Rate Today, 03 January 2023: केंद्र सरकार ने ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMC) को एक बड़ा झटका दिया है। पिछले पखवाड़े में सरकार की ओर से कच्चे तेल (Crude Oil) पर विंडफॉल टैक्स (Windfall Tax) को कम करने के बाद अब घरेलू स्तर पर उत्पादित कच्चे तेल, एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) और हाई-स्पीड डीजल पर टैक्स बढ़ा दिया गया है। केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड की ओर से जारी एक नोटिफिकेशन के अनुसार, कच्चे तेल पर अप्रत्याशित लाभ कर मौजूदा 1,700 रुपये प्रति टन से बढ़ाकर 2,100 रुपये प्रति टन कर दिया गया है। वहीं एविएशन टर्बाइन फ्यूल पर विंडफॉल टैक्स मौजूदा 1.5 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 4.5 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। इसके अलावा हाई- स्पीड डीजल के निर्यात पर शुल्क अब 5 रुपये प्रति लीटर से 7.5 रुपये प्रति लीटर हो गई। संशोधित दरें 3 जनवरी से प्रभावी हो गई हैं। अब देखना ये है कि क्या इससे देश में बिक रहे पेट्रोल और डीजल की कीमत पर भी कुछ असर पड़ेगा?

एक पखवाड़े पहले दिसंबर में सरकार ने कच्चे तेल पर विंडफॉल प्रॉफिट टैक्स को पहले के 4,900 रुपये प्रति टन से कम करके 1,700 रुपये कर दिया था। मालूम हो कि अप्रत्याशित कर या विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क (एसएईडी) हर पखवाड़े में संशोधित की जाती है।

इतना है पेट्रोल- डीजल का दाम

उल्लेखनीय है कि भारत में कई महीनों से पेट्रोल और डीजल की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में एक लीटर पेट्रोल के लिए लोग 96.72 रुपये चुका रहे हैं। यहां डीजल की कीमत 89.62 रुपये प्रति लीटर है। मुंबई में पेट्रोल की कीमत 106.31 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 94.27 रुपये प्रति लीटर है। कोलकाता की बात करें, तो यहां पेट्रोल और डीजल का दाम क्रमश: 106.03 रुपये और 92.76 रुपये प्रति लीटर है। चेन्नई में पेट्रोल के लिए लोग 102.63 रुपये प्रति लीटर और डीजल के लिए लोग 94.24 रुपये प्रति लीटर चुका रहे हैं।

पेट्रोल-डीजल की बढ़ी बिक्री

उल्लेखनीय है कि एग्रीकल्चर सेक्टर में खपत बढ़ने से देश में पेट्रोल और डीजल की डिमांड दिसंबर में सालाना आधार पर बढ़ी है। दिसंबर 2022 में पेट्रोल की बिक्री 8.6 फीसदी बढ़ी और 27.6 लाख टन पर पहुंच गई। पिछले साल की समान अवधि में इसकी खपत 25.4 लाख टन रही थी। पिछले महीने डीजल की बिक्री 13 फीसदी बढ़कर 73 लाख टन हो गई है।

डिंपल अलावाधी
डिंपल अलावाधीauthor

बिजनेस डेस्क पर कार्यरत डिंपल अलावाधी की कारोबार के विषयों पर अच्छी पकड़ है। पत्रकारिता में 5 साल से ज्यादा का अनुभव रखने वाली डिंपल की व्यापार में खास रुचि है। पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार और बैंकिंग सेक्टर के मामलों में विशेष दिलचस्पी है।

और पढ़ें
End of Article