बिजनेस

₹157 से 82% नीचे ₹29 पर आया Ola Electric का शेयर, एक्सपर्ट और ब्रोकरेज ने बताया अभी और कितना गिरेगा?

कमजोर तिमाही नतीजों और घटते रेवेन्यू के बाद Ola Electric का शेयर दबाव में है और 52-हफ्ते के निचले स्तर पर पहुंच गया है। एक्सपर्ट गौरांग शाह का मानना है कि कंपनी की मौजूदा स्थिति को देखते हुए स्टॉक में और गिरावट की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

Ola Electric Share Crash

और कितना फिसलेगा ओला इलेक्ट्रिक

Photo : ET NOW SWADESH Digital

Ola Electric के ताजा नतीजों में सबसे बड़ी चिंता रेवेन्यू में भारी गिरावट रही। कंपनी की आय सालाना आधार पर 55% गिरकर करीब ₹1,045 करोड़ से घटकर ₹470 करोड़ रह गई। हालांकि घाटा घटकर ₹487 करोड़ हुआ, लेकिन कमाई में तेज गिरावट ने निवेशकों का भरोसा कमजोर किया। वहीं, शॉर्ट टर्म ट्रेंड से परे, ओला इलेक्ट्रिक के शेयर का प्रदर्शन लिस्टिंग के बाद से अब तक देखें, तो पता चलता है कि लिस्टिंग के तुरंत बाद अगस्त 2024 में शेयर 157 रुपये के ऑल टाइम हाई पर पहुंचा। यहां से यह शेयर अब 82% तक फिसलकर आज इंट्रा डे में 28.71 रुपये तक फिसल गया है।

मार्केट एक्सपर्ट गौरांग शाह और ब्रोकरेज फर्म Emkay Global भाविश अग्रवाल के नेतृत्व वाली इस कंपनी के शेयर की फ्यूचर ग्रोथ को लेकर पॉजिटिव नहीं हैं। जहां, एक तरफ ब्रोकरेज फर्म ने कंपनी के तिमाही नतीजों के बाद शेयर को लेकर अपनी रेटिंग को बाय से सीधे सेल में डाउनग्रेड कर दिया है। वहीं, मार्केट एक्सपर्ट शाह का भी मानना है कि शेयर में अभी और गिरावट आ सकती है।

ब्रोकरेज डाउनग्रेड से बढ़ा दबाव

ब्रोकरेज फर्म Emkay Global ने कमजोर प्रदर्शन के बाद स्टॉक को 'Buy' से सीधे 'Sell' में डाउनग्रेड करते हुए टारगेट प्राइस ₹50 से घटाकर ₹20 कर दिया। इससे बाजार में नकारात्मक धारणा और मजबूत हुई और शेयर 52-हफ्ते के निचले स्तर तक फिसल गया।

एक्सपर्ट गौरांग शाह की साफ राय

मार्केट एक्सपर्ट Gaurang Shah का कहना है कि Ola Electric लंबे समय से कमजोर ट्रेंड में बना हुआ है और कंपनी के आंकड़े उत्साहजनक नहीं दिखते। उनका मानना है कि बाजार हिस्सेदारी लगातार घट रही है और सर्विस व मैनेजमेंट से जुड़ी शिकायतें भी बढ़ी हैं, जिससे निवेशकों का भरोसा प्रभावित हुआ है। उनके मुताबिक, मौजूदा हालात में स्टॉक और नीचे जा सकता है और निवेशकों को इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट में बेहतर विकल्पों पर ध्यान देना चाहिए।

बेहतर विकल्प कौन से?

एक्सपर्ट का मानना है कि निवेशक इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर थीम में निवेश करना चाहते हैं तो Bajaj Auto, TVS Motor Company और Eicher Motors जैसे मजबूत और स्थापित खिलाड़ियों पर नजर डाल सकते हैं, जिनकी बाजार स्थिति और वित्तीय प्रदर्शन अपेक्षाकृत मजबूत है।

निवेशकों के लिए रणनीति

मौजूदा ट्रेंड को देखते हुए Ola Electric में जल्द रिकवरी की उम्मीद कम दिखती है। इसलिए नए निवेश से बचना और पहले से निवेशित लोग भी जोखिम को समझते हुए सावधानी से फैसला लें, यही एक्सपर्ट की सलाह है।

एक्सपर्ट व्यू: यह लेख Emkay Global की स्टॉक रिपोर्ट और मार्केट एक्सपर्ट गौरांग शाह की निवेश सलाह पर आधारित है।

डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

यतींद्र लवानिया
यतींद्र लवानिया author

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों... और देखें

End of Article