बिजनेस

दिल्ली में सस्ता घर ढूंढ रहे हैं? मेट्रो के पास मिल सकता है 12 लाख में फ्लैट

अगर आप दिल्ली में अपना घर खरीदने का सपना देख रहे हैं, लेकिन बजट आड़े आ रहा है, तो आपके लिए अच्छी खबर है। राजधानी में मेट्रो के बेहद पास महज 12 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर फ्लैट मिलने का मौका है, जो आम लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है।

Image

Flat

दिल्ली में अपना घर खरीदना हर नौकरीपेशा और मध्यम वर्गीय परिवार का सपना होता है, लेकिन बढ़ती प्रॉपर्टी कीमतों के कारण यह सपना अक्सर अधूरा रह जाता है। राजधानी में महंगे फ्लैट और ऊंचे किराए लोगों की जेब पर भारी पड़ते हैं। ऐसे में दिल्ली विकास प्राधिकरण यानी DDA की जनता आवास योजना 2025 आम लोगों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है। इस योजना के तहत दिल्ली में कम कीमत पर रेडी-टू-मूव फ्लैट्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे हजारों परिवारों का अपना घर लेने का सपना पूरा हो सकता है।

किसको मिलेगा फ्लैट

जनता आवास योजना 2025 को खासतौर पर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग यानी EWS कैटेगरी के लोगों के लिए लॉन्च किया गया है। इस योजना के तहत कुल 144 फ्लैट्स का आवंटन किया जाएगा। ये सभी फ्लैट पूरी तरह बनकर तैयार हैं और इनमें खरीद के तुरंत बाद शिफ्ट किया जा सकता है। DDA का मकसद है कि कम और मध्यम आय वाले लोग भी दिल्ली जैसे महंगे शहर में अपने घर के मालिक बन सकें।

क्या है लोकेशन?

इन सस्ते फ्लैट्स की लोकेशन भी लोगों के लिए काफी फायदेमंद है। योजना के तहत 62 फ्लैट द्वारका मोड़ इलाके में उपलब्ध हैं, जो द्वारका मोड़ मेट्रो स्टेशन से मात्र 100 से 150 मीटर की दूरी पर स्थित हैं। मेट्रो के पास घर होने से रोजाना ऑफिस जाने वाले लोगों को आने-जाने में काफी सहूलियत मिलेगी। इसके अलावा 82 फ्लैट छत्तरपुर मेन रोड पर गांव चंदनहौला के पास बनाए गए हैं, जहां सड़क और ट्रांसपोर्ट की बेहतर सुविधाएं मौजूद हैं।

कितना है साइज और कीमत?

फ्लैट्स के साइज और कीमत की बात करें तो द्वारका मोड़ इलाके में बने फ्लैट्स का आकार करीब 29.25 से 30.69 वर्ग मीटर के बीच है। इनकी कीमत 12.63 लाख रुपये से शुरू होकर 13.24 लाख रुपये तक रखी गई है। वहीं छत्तरपुर मेन रोड पर बने फ्लैट्स का साइज थोड़ा बड़ा है, जो 45.57 से 48.24 वर्ग मीटर तक है। इन फ्लैट्स की कीमत 23.05 लाख रुपये से 24.37 लाख रुपये तक तय की गई है। दिल्ली जैसे शहर में इन कीमतों पर घर मिलना आम लोगों के लिए किसी बड़ी राहत से कम नहीं है।

इस योजना की एक खास बात यह भी है कि सभी फ्लैट रेडी-टू-मूव और फ्रीहोल्ड हैं। यानी फ्लैट खरीदते ही कब्जा मिल जाएगा और भविष्य में प्रॉपर्टी को लेकर किसी तरह की कानूनी परेशानी नहीं होगी। आमतौर पर कम बजट की योजनाओं में यह सुविधा नहीं मिलती, लेकिन DDA ने इस योजना में इसका खास ध्यान रखा है।

कब से कर सकेंगे अप्लाई?

जनता आवास योजना 2025 के लिए आवेदन प्रक्रिया 7 जनवरी 2026 से शुरू होगी। इच्छुक लोगों को इसके लिए 2500 रुपये का पंजीकरण शुल्क जमा करना होगा। आवेदन करने की अंतिम तारीख 7 फरवरी 2026 तय की गई है। इसके बाद 13 फरवरी 2026 को कंप्यूटराइज्ड ड्रॉ के जरिए फ्लैट्स का आवंटन किया जाएगा। ड्रॉ प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी, जिससे सभी आवेदकों को बराबर मौका मिल सकेगा।

इस योजना का लाभ वही लोग ले सकेंगे जिनकी पारिवारिक सालाना आय 10 लाख रुपये से ज्यादा नहीं है। साथ ही आवेदक को EWS कैटेगरी में आना जरूरी होगा। इसके अलावा DDA के नियमों के अनुसार, आवेदक या उसके परिवार के नाम पहले से दिल्ली में कोई पक्का मकान नहीं होना चाहिए।

कम कीमत होने के बावजूद इन फ्लैट्स के साथ पार्किंग की सुविधा भी दी जा रही है। फ्लैट अलॉट होने पर लाभार्थी को दो वर्ग मीटर की अनकवर्ड पार्किंग और 1.25 वर्ग मीटर की कवर्ड पार्किंग दी जाएगी। इससे वाहन खड़ा करने की परेशानी नहीं होगी।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article