एक ही परिवार के 3 भाई-बहनों का टॉप-10 पर कब्जा! दुनिया के अमीरों की लिस्ट बड़ा खेल!
- Authored by: रिचा त्रिपाठी
- Updated Feb 16, 2026, 12:01 PM IST
अमीरों की दुनिया में इस वक्त एक बड़ा 'पॉवर शिफ्ट' देखने को मिला है। सालों से टॉप-10 की लिस्ट पर राज करने वाले दिग्गज निवेशक वॉरेन बफे इस रेस में पिछड़ गए हैं, जबकि 'वॉलमार्ट' के वॉल्टन परिवार ने पूरी लिस्ट पर कब्जा कर लिया है।
Bloomberg Richest
दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों की सूची में इस बार एक ऐसा ऐतिहासिक बदलाव हुआ है, जिसने पूरी दुनिया के बिजनेस घरानों को चौंका दिया है। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स (Bloomberg Billionaires Index) की ताजा रैंकिंग में दिग्गज निवेशक वॉरेन बफे टॉप-10 से बाहर हो गए हैं। लेकिन हैरान करने वाली बात यह है कि उनकी जगह किसी नए उभरते टेक दिग्गज ने नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी रिटेल कंपनी चलाने वाले एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने ली है। ये तीनों सगे भाई-बहन हैं, जिनकी दौलत आज कई छोटे-बड़े देशों की कुल अर्थव्यवस्था (GDP) से भी अधिक हो गई है।
वॉल्टन परिवार का दबदबा और टॉप-10 की नई तस्वीर
इस ताजा सूची में वॉलमार्ट (Walmart) के संस्थापक सैम वॉल्टन के बच्चों ने अपनी सफलता का परचम लहराया है। यह शायद पहली बार है जब एक ही परिवार के तीन सदस्य जिम वॉल्टन, रॉब (बॉब) वॉल्टन और एलिस वॉल्टन एक साथ टॉप-10 में शामिल हुए हैं। अगर हम इनकी रैंकिंग पर नजर डालें, तो जिम वॉल्टन दुनिया के आठवें सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं, जबकि उनके भाई रॉब वॉल्टन नौवें और उनकी बहन एलिस वॉल्टन दसवें स्थान पर काबिज हैं। इसी के साथ एलिस वॉल्टन ने एक और कीर्तिमान स्थापित किया है; वह अब दुनिया की सबसे अमीर महिला बन गई हैं। इस परिवार की वॉलमार्ट कंपनी में लगभग 47 प्रतिशत की हिस्सेदारी है, जो उनकी इस अकल्पनीय संपत्ति का मुख्य आधार है।
दौलत के आंकड़े जो किसी को भी हैरान कर दें
इन तीनों भाई-बहनों की कुल संपत्ति के आंकड़े अविश्वसनीय हैं। ब्लूमबर्ग इंडेक्स के अनुसार, आठवें नंबर पर मौजूद जिम वॉल्टन की नेटवर्थ 158 अरब डॉलर है। खास बात यह है कि पिछले एक साल में ही उनकी संपत्ति में 21.3 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। वहीं, नौवें पायदान पर मौजूद रॉब वॉल्टन के पास 154 अरब डॉलर की संपत्ति है। उनकी बहन एलिस वॉल्टन की दौलत भी लगभग 154 अरब डॉलर के बराबर है। इन तीनों की संपत्ति में पिछले एक साल में औसतन 20 अरब डॉलर से ज्यादा का उछाल आया है।
देशों की जीडीपी से बड़ी है एक परिवार की तिजोरी
अगर वॉल्टन परिवार की सामूहिक ताकत को देखें, तो यह किसी देश की सरकार से भी भारी पड़ती है। दुनिया के टॉप-100 रईसों की लिस्ट में वॉल्टन परिवार के कुल पांच सदस्य शामिल हैं। इनमें सैम वॉल्टन के पोते लुकास वॉल्टन और दिवंगत जॉन वॉल्टन की पत्नी क्रिस्टी वॉल्टन भी शामिल हैं। इन पांचों सदस्यों की कुल संपत्ति मिलाकर लगभग 545 अरब डॉलर बैठती है। यह रकम इतनी बड़ी है कि यह ग्रीस, हंगरी और ईरान जैसे कई देशों की कुल जीडीपी (GDP) को भी पीछे छोड़ देती है। एक तरह से यह परिवार दुनिया का सबसे शक्तिशाली 'इकोनॉमिक ब्लॉक' बन गया है।
कैसे कमाई इतनी दौलत?
सवाल उठता है कि आखिर एक रिटेल स्टोर चलाने वाले परिवार ने इतनी दौलत कैसे कमाई? इसका जवाब छिपा है उनके बिजनेस मॉडल में। 1962 में जब सैम वॉल्टन ने वॉलमार्ट की शुरुआत की थी, तो उन्होंने 'डिस्काउंट कल्चर' को अपना हथियार बनाया। उनका मंत्र सीधा था "सामान सस्ता बेचो, ताकि लोग ज्यादा मात्रा में खरीदें।" इसी रणनीति ने वॉलमार्ट को एक वैश्विक साम्राज्य बना दिया। आज जब दुनिया में मंदी का साया होता है, तब भी लोग किफायती खरीदारी के लिए वॉलमार्ट की ओर ही देखते हैं। आज यह रेवेन्यू के मामले में दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी है, जिसका पिछले साल का रेवेन्यू करीब 703 अरब डॉलर था और दुनिया के 19 देशों में इसके 10,500 से ज्यादा स्टोर हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
