बिजनेस

Vodafone Idea ​के CEO ने AGR बकाया पर दिया ये बड़ा अपडेट, छह माह में शेयर 46% उछला

Vodafone Idea के शेयर में लगातार तेजी दर्ज की जा रही है। पिछले 5 दिन में शेयर में 10.68% का उछाल आया है। वहीं, एक महीने की अविध में 18.67% की तेजी है। छह महीने की बात करें तो शेयर में 46.53% की तेजी दर्ज की गई है।

Image

वोडा आइडिया

कर्ज में डूबी Vodafone Idea (Vi) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) अभिजीत किशोर ने कंपनी के ऊपर AGR बकाये को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि कंपनी सरकार के साथ मिलकर काम कर रही है और उसे उम्मीद है कि वह 78,500 करोड़ रुपये के समायोजित सकल राजस्व बकाया के लिए सर्वश्रेष्ठ एवं टिकाऊ समाधान निकाल लेगी। किशोर ने कहा कि कंपनी धन जुटाने के लिए बैंकों एवं गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों सहित कई स्रोतों से संपर्क कर रही है जो लंबी अवधि का वित्तपोषण के लिए समायोजित सकल राजस्व (एजीआर) मामले के समाधान पर भी निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि हम उस समाधान की तलाश में हैं जो सबसे सही और सरकार के दीर्घकालिक दृष्टिकोण के अनुरूप हो। हमारा मानना है कि चूंकि उच्चतम न्यायालय का आदेश हाल ही में आया है इसलिए बैंकों को दीर्घकालिक वित्तपोषण के लिए उस पर थोड़ी निर्भरता होगी।

सुप्रीम कोर्ट से सरकार को मिली हरी झंडी

सर्वोच्च न्यायालय ने सरकार को वित्त वर्ष 2016-17 तक की अवधि के लिए उठाए गए अतिरिक्त एजीआर मांग के संदर्भ में पुनर्विचार करने और उचित निर्णय लेने की अनुमति दी है। साथ ही ब्याज व जुर्माना सहित सभी एजीआर बकाया का व्यापक रूप से पुनर्मूल्यांकन और समाधान करने की भी अनुमति दी है।

किशोर ने कहा कि सितंबर 2025 के अंत तक कंपनी की एजीआर देनदारी लगभग 78,500 करोड़ रुपये थी। कंपनी सूचना के अनुसार, 30 सितंबर 2025 तक वीआई का बैंकों से बकाया ऋण (अर्जित लेकिन देय नहीं ब्याज सहित) 15.421 करोड़ रुपये है। स्पेक्ट्रम के लिए आस्थगित भुगतान दायित्व (अर्जित लेकिन देय नहीं, ब्याज सहित) है जो वित्त वर्ष 2043-44 तक के वर्ष में देय है और एजीआर जो वित्त वर्ष 2030-31 तक के वर्षों में देय है कुल मिलाकर 201409 करोड़ रुपये है।

वीआईएल (वोडाफोन आइडिया लिमिटेड) को चालू वित्त वर्ष 2025-26 की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में 12,132 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है और 30 सितंबर तक इसकी निवल संपत्ति नकारात्मक 82,460 करोड़ रुपये थी।

आलोच्य तिमाही के अंत में कंपनी का कुल ऋण 2.02 लाख करोड़ रुपये था।

शेयर में लगातार तेजी जारी

Vodafone Idea के शेयर में लगातार तेजी दर्ज की जा रही है। पिछले 5 दिन में शेयर में 10.68% का उछाल आया है। वहीं, एक महीने की अविध में 18.67% की तेजी है। छह महीने की बात करें तो शेयर में 46.53% की तेजी दर्ज की गई है।

(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है। निवेश की सलाह नहीं है। कोई भी फैसला अपने वित्तीय सलाहकार से लेकर ही लें।)

Alok Kumr
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article