बिजनेस

Inflation: महंगी हुई शाकाहारी थाली, मांसाहारी थाली के घटे दाम, ये है वजह

Inflation: क्रिसिल मार्केट इंटेलिजेंस एंड एनालिसिस की मासिक रोटी चावल रेट रिपोर्ट में कहा कि शाकाहारी थाली महंगी हो गई है, जबकि मांसाहारी थाली सस्ती हो गई है। रिपोर्ट में इसकी वजह भी बताई गई है।

Image

वेज थाली हुई महंगी, नॉन वेज थाली हुई सस्ती (तस्वीर-Canva)

Inflation: मई महीने में शाकाहारी थाली की औसत लागत 9 प्रतिशत तक बढ़ गई। गुरुवार को जारी एक रिपोर्ट में प्याज, टमाटर और आलू की कीमतों में आई तेजी को इसकी वजह बताया गया। क्रिसिल मार्केट इंटेलिजेंस एंड एनालिसिस की मासिक रोटी चावल रेट रिपोर्ट में शाकाहारी थाली महंगी होने की बात कही गई। हालांकि ब्रॉयलर मुर्गे की कीमत में गिरावट से मांसाहारी भोजन की लागत में कमी आई है।

इतनी महंगी हुई शाकाहारी थाली

रिपोर्ट के मुताबिक शाकाहारी भोजन की कीमत मई में बढ़कर 27.8 रुपये प्रति थाली हो गई, जो एक साल पहले की समान अवधि में 25.5 रुपये थी। वहीं एक महीने पहले अप्रैल में शाकाहारी थाली 27.4 रुपये की थी। इस थाली में मुख्य रूप से रोटी, सब्जियां (प्याज, टमाटर और आलू), चावल, दाल, दही और सलाद शामिल होते हैं।

आलू-प्याज-टमाटर के इतने बढ़े दाम

रिपोर्ट में शाकाहारी थाली की कीमत में कुल वृद्धि का कारण टमाटर की कीमतों में 39 प्रतिशत, आलू में 41 प्रतिशत और प्याज में 43 प्रतिशत की वृद्धि को बताया गया है। क्रिसिल की रिपोर्ट के मुताबिक कि रबी की फसल के रकबे में भारी कमी के कारण प्याज की कम आवक तथा पश्चिम बंगाल में फसल खराब होने से आलू की आवक कम होने से इन सब्जियों की कीमतों में बढ़ोतरी हुई। इसके अलावा चावल और दालों की कीमतों में भी क्रमशः 13 प्रतिशत और 21 प्रतिशत की वृद्धि हुई। हालांकि जीरा, मिर्च और वनस्पति तेल की कीमतों में क्रमशः 37 प्रतिशत, 25 प्रतिशत और आठ प्रतिशत की गिरावट आने से शाकाहारी थाली की लागत में और वृद्धि नहीं देखी गई।

सस्ती हुई मांसाहारी थाली

इसके उलट मांसाहारी थाली की लागत मई में घटकर 55.9 रुपये रह गई, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 59.9 रुपये थी। यह अप्रैल, 2024 में 56.3 रुपये प्रति थाली की कीमत से भी कम है। मासाहारी थाली में अन्य सभी सामग्री समान होती है, लेकिन दाल की जगह मुर्गे का मांस होता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ब्रॉयलर मुर्गे की कीमतों में 16 प्रतिशत की गिरावट सालाना आधार पर मांसाहारी थाली की लागत में गिरावट का मुख्य कारण है। ब्रॉयलर का मांसाहारी थाली की कुल कीमत में 50 प्रतिशत हिस्सा होता है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article