FOMC statement
US FED RATE JUNE 2026 : अमेरिका के केंद्रीय बैंंक US FED की ओपन मार्केट कमेटी ने ब्याज दरों में किसी तरह का बदलाव नहीं करने का फैसला किया है। हालांकि, यह फैसला बाजार की अपेक्षा के मुताबिक है। लेकिन, उन लोगों की उम्मीदों को झटका जरूर लगा है, जो मान रहे थे कि केविन वॉर्श (Kevin Warsh) पॉलिसी आउटलुक को डोविश कर सकते हैं, जिससे इस साल आगे चलकर रेट कट की गुंजाइश बन सकती है।
ट्रंप के हैंडपिक्ड फेड चेयरमैन से अपेक्षा की जा रही थी कि वे ट्रंप की मर्जी के मुताबिक रेट कट करेंगे। ट्रंप लगातार रेट कट करने की पैरवी करते रहे हैं। लेकिन, केविन वॉर्श की अध्यक्षता में हुई US Federal Reserve की बैठक ब्याज दरों को स्थिर रखते हुए पॉलिसी आउटलुक हॉकिश रखा गया है। ऐसे में अब रेट बढ़ेगा या नहीं, यह तो तय नहीं है। लेकिन, 2026 में रेट कट की उम्मीदें पूरी तरह खत्म मानी जा रही है।
कितनी है अभी ब्याज दर
अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व (US Federal Reserve) ने बुधवार को हुई अपनी हाई-प्रोफाइल बैठक में ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। नए फेड चेयरमैन केविन वॉर्श (Kevin Warsh) की अगुवाई में हुई यह पहली बैठक थी। फेड ने ब्याज दरों को 3.50% से 3.75% के दायरे में यथावत (Unchanged) रखने का फैसला किया है। लेकिन असली झटका इस फैसले में नहीं, बल्कि फेड के 'हॉकिश' (सख्त) रुख और 'डॉट प्लॉट' (Dot Plot) से लगा है। फेडरल रिजर्व ने साफ संकेत दे दिए हैं कि साल 2026 में ब्याज दरों में कटौती (Rate Cuts) की कोई गुंजाइश नहीं है, बल्कि महंगाई पर काबू पाने के लिए दरें और बढ़ाई जा सकती हैं।
रेट बढ़ने की संभावनाएं बढ़ीं
18 सदस्यों वाली FOMC के 9 अधिकारियों का मानना है कि 2026 के अंत तक अमेरिकी ब्याज दरें मौजूदा स्तर से भी ज्यादा ऊपर जा सकती हैं। वहीं, 8 अधिकारियों का कहना है कि दरें इसी स्तर पर टिकी रहेंगी। सिर्फ 1 अधिकारी को उम्मीद है कि 2026 में एक रेट कट हो सकता है। यानी फेड के भीतर अब यह चर्चा पूरी तरह खत्म हो चुकी है कि ब्याज दरें कब घटेंगी; बल्कि अब बहस इस बात पर शुरू हो गई है कि क्या महंगाई को रोकने के लिए लोन को और महंगा करना पड़ेगा।
महंगाई को माना चुनौती
FOMC statement के मुताबिक फेड का मानना है कि कोर इन्फ्लेशन (Core Inflation) उम्मीद से कहीं ज्यादा जिद्दी साबित हो रही है। फेड का जो 2% महंगाई का लक्ष्य था, वहां तक पहुंचने में अब पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा समय लगने वाला है।
नहीं दिया फ्यूचर गाइडेंस
फेड चीफ केविन वॉर्श ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ कर दिया कि वे पुराने ढर्रे पर काम नहीं करेंगे। उन्होंने इस बैठक में अपना खुद का कोई रेट अनुमान (Rate Projection) सबमिट नहीं किया। इसके साथ ही वॉर्श ने कहा कि वह पहले से यह बताने (Forward Guidance) के सख्त खिलाफ हैं कि भविष्य में दरें कहां जाएंगी। उनका मानना है कि फेड को भविष्य के वादे करने के बजाय पल-पल आ रहे आर्थिक आंकड़ों (Data-Driven) को देखकर फैसला लेना चाहिए।
