बिजनेस

बार-बार फेल हो रहा है UPI पेमेंट? कहीं बैंक की वजह से तो नहीं हो रहा ऐसा

UPI payment failure reasons: डिजिटल इंडिया के दौर में UPI हमारे जीवन का अहम हिस्सा बन चुका है, लेकिन कई बार ऐन मौके पर पेमेंट फेल होना बड़ी मुसीबत बन जाता है।

Image

UPI (Photo: X handle/@UPI_NPCI)

UPI payment failure reasons: आज के डिजिटल दौर में यूपीआई (UPI) पेमेंट करने का सबसे आसान और तेज तरीका बन चुका है। हर किसी को फोन पर सिंगल टैप पर पैसे भेजने का तरीका भाता है। लेकिन कई बार ऐसा होता है कि यूपीआई (UPI) ट्रांजैक्शन फेल हो जाता है, जिससे यूजर्स को परेशानी होती है। अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है तो इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं, जिन्हें समझना जरूरी है।

दरअसल, UPI एक कॉमप्लेक्स सिस्टम है, जिसमें आपका मोबाइल, इंटरनेट, यूपीआई ऐप, बैंक, पैसे रिसीव करने वाले का बैंक और National Payments Corporation of India (NPCI) के सर्वर शामिल होते हैं। इनमें से किसी भी एक जगह पर दिक्कत आने से ट्रांजैक्शन फेल हो सकता है।

बैंक सर्वर

सबसे आम समस्या बैंक से जुड़ी होती है। यह रिसीवर की साइड से भी हो सकती है। कई बार बैंक अपने सर्वर की मेंटेनेंस करता है या अचानक सर्वर डाउन हो जाता है। ऐसे में आपके खाते से जुड़ा कोई भी यूपीआई ट्रांजैक्शन पूरा नहीं हो पाता। इस स्थिति में बेहतर है कि आप बैंक की वेबसाइट या सोशल मीडिया पर अपडेट चेक करें और कुछ समय बाद दोबारा कोशिश करें।

UPI

UPI (Photo: X handle/@UPI_NPCI)

अगर आपका बैंक अकाउंट सही तरीके से UPI से लिंक नहीं है या अकाउंट इनएक्टिव है तो भी ट्रांजैक्शन फेल हो सकता है। ऐसे में अपने UPI ऐप में लिंक किए गए अकाउंट की जांच करें और जरूरत पड़े तो बैंक से संपर्क कर सकते हैं।

डेली ट्रांजैक्शन लिमिट

एक और बड़ा कारण होता है डेली ट्रांजैक्शन लिमिट का खत्म हो जाना। आमतौर पर यूपीआई में एक दिन में 1 लाख रुपये तक की सीमा होती है। अगर आप यह लिमिट पार कर लेते हैं तो आगे के ट्रांजैक्शन रिजेक्ट हो जाते हैं। ऐसे में अगले दिन का इंतजार करना या किसी दूसरे पेमेंट ऑप्शन का इस्तेमाल करना सही रहता है।

गलत UPI पिन

गलत UPI पिन डालना भी एक आम गलती है। अगर आप बार-बार गलत पिन डालते हैं, तो सुरक्षा कारणों से आपका UPI अस्थायी रूप से ब्लॉक हो सकता है। इसलिए पिन डालते समय सावधानी रखें। अगर ब्लॉक हो जाए, तो ऐप के जरिए डेबिट कार्ड की मदद से पिन रीसेट किया जा सकता है।

खाते में पर्याप्त बैलेंस न होना

यूपीआई पेमेंट अटकने की वजह कई बार खाते में पर्याप्त बैलेंस न होना भी होती है। कई यूजर्स जल्दबाजी में यह भूल जाते हैं कि जिस अकाउंट से पेमेंट कर रहे हैं, उसमें जरूरी राशि मौजूद है या नहीं। इसके अलावा, अगर आपके खाते से पहले से कोई ऑटो-डेबिट, EMI या सब्सक्रिप्शन कटने वाला है, तो उपलब्ध बैलेंस और भी कम हो सकता है। इसलिए पेमेंट करने से पहले अपना बैलेंस चेक किया जाना बेहद जरूरी है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article