बिजनेस

PF खाताधारकों के लिए बड़ी खबर, अब पोर्टल से नहीं होगा UAN एक्टिवेशन! जानें कैसे एक्टिवेट होगा नंबर

ईपीएफओ के मुताबिक, यह बदलाव बड़े डेटाबेस और सॉफ्टवेयर अपग्रेड का हिस्सा है। इसका मुख्य उद्देश्य पीएफ खाताधारकों के लिए ऑनलाइन सेवाओं को पहले से कहीं अधिक तेज, सुरक्षित और पूरी तरह भरोसेमंद बनाना है, ताकि किसी भी तरह की धोखाधड़ी को रोका जा सके।

Image

EPFO

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के करोड़ों खाताधारकों के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण और बड़ा अपडेट सामने आया है। अगर आप एक नौकरीपेशा कर्मचारी हैं और अपने पीएफ खाते का यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) एक्टिवेट करने की सोच रहे हैं, तो अब आपको अपना तरीका बदलना होगा। EPFO ने अपने यूनिफाइड मेंबर पोर्टल को लगभग एक सप्ताह लंबे शेड्यूल्ड अपग्रेड और मेंटेनेंस के बाद दोबारा शुरू कर दिया है। इस नए सॉफ्टवेयर अपग्रेड के साथ ही पीएफ पोर्टल का पूरा इंटरफेस बदल गया है और कई ऑनलाइन सेवाओं के नियमों में बड़े बदलाव किए गए हैं। इस अपग्रेड के तहत ईपीएफओ ने जो सबसे बड़ा और चौंकाने वाला निर्णय लिया है, वह यह है कि अब ऑफिशियल पीएफ पोर्टल से सीधे UAN एक्टिवेशन की सर्विस को पूरी तरह बंद कर दिया गया है।

UAN कैसे होगा एक्टिवेट?

इस बड़े बदलाव के तहत न केवल पुराने यूएएन नंबर को एक्टिवेट करने की सुविधा रोकी गई है, बल्कि वेबसाइट के जरिए सीधे नया यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) जनरेट करने (अलॉटमेंट) की सर्विस पर भी ताला लगा दिया गया है। अब सुरक्षा और सुविधा के लिहाज से ईपीएफओ ने इन दोनों ही बेहद महत्वपूर्ण सेवाओं को केंद्र सरकार के 'उमंग' (UMANG) ऐप पर शिफ्ट कर दिया है। इतना ही नहीं, फ्रॉड और गलत एक्टिवेशन को रोकने के लिए अब नए नियम के तहत आधार आधारित 'फेस ऑथेंटिकेशन' (चेहरा प्रमाणीकरण) को पूरी तरह अनिवार्य कर दिया गया है। ईपीएफओ के मुताबिक, यह पूरा बदलाव एक बड़े डेटाबेस कंसोलिडेशन और सॉफ्टवेयर मॉडर्नाइजेशन प्रोजेक्ट का हिस्सा है, जिसका मुख्य उद्देश्य पीएफ खाताधारकों की ऑनलाइन सेवाओं को पहले से कहीं अधिक तेज, पारदर्शी, सुरक्षित और भरोसेमंद बनाना है।

अब ईपीएफओ के यूनिफाइड मेंबर पोर्टल पर यह सुविधा उपलब्ध नहीं है, इसलिए इसके लिए आपको अपने स्मार्टफोन में उमंग ऐप का इस्तेमाल करना होगा। उमंग ऐप के जरिए यूएएन एक्टिवेट करने की प्रक्रिया काफी सरल है। सबसे पहले आपको गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर से उमंग ऐप डाउनलोड करना होगा। ऐप खोलने के बाद आपको 'EPFO Services' के विकल्प पर जाना होगा। यहां आपको एक नया ऑप्शन दिखाई देगा 'UAN Services Through Face Auth'। इसके तहत आपको 'UAN Activation' पर क्लिक करना होगा। इसके बाद सिस्टम आपके स्मार्टफोन के कैमरे के जरिए आपका आधार फेस ऑथेंटिकेशन (चेहरे की स्कैनिंग) पूरा करेगा। पहचान वेरिफाई होते ही और स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करते ही आपका यूएएन नंबर सफलतापूर्व एक्टिवेट हो जाएगा।

नया UAN नंबर कैसे जेनेरेट होगा

ठीक इसी प्रकार, अगर आप एक नए कर्मचारी हैं या आपके पास पहले से यूएएन नंबर नहीं है, तो नया यूएएन नंबर प्राप्त करने के लिए भी आपको उमंग ऐप का ही सहारा लेना होगा। इसके लिए उमंग ऐप के भीतर ईपीएफओ सर्विसेज में जाकर 'UAN Allotment and Activation' के विकल्प पर क्लिक करना होगा। यहाँ भी आपको अपना आधार फेस ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया से गुजरना होगा, जिसके बाद आप निर्देशों के अनुसार नया यूएएन जनरेट कर पाएंगे। जिन कर्मचारियों का पीएफ खाता कंपनियों द्वारा खोल तो दिया गया है लेकिन उन्हें अभी तक अपना यूएएन नंबर नहीं मिला है, वे भी उमंग ऐप पर जाकर अपनी जरूरी जानकारियां दर्ज करके और मोबाइल नंबर वेरिफाई करके अपना यूएएन नंबर आसानी से हासिल कर सकते हैं।

इस बड़े बदलाव में उन लोगों के लिए भी राहत की खबर है जो अपना यूएएन नंबर भूल चुके हैं। अपग्रेडेड पोर्टल पर यूएएन रिकवरी (भूल गए नंबर को वापस पाने) की प्रक्रिया को पहले से काफी आसान बना दिया गया है। इसके लिए यूजर को पोर्टल पर जाकर अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर डालना होगा, अपनी पहचान या पते का कोई एक वैध सरकारी प्रमाण अपलोड करना होगा और मोबाइल पर आए ओटीपी (OTP) वेरिफिकेशन को पूरा करना होगा। यह प्रक्रिया पूरी होते ही भूला हुआ यूएएन नंबर तुरंत स्क्रीन पर आ जाएगा या रजिस्टर्ड नंबर पर भेज दिया जाएगा।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article